जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) पुलिस ने शहर में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए एक बड़े बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है । वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार गठित अनुसंधान दल ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए गिरोह के 4 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है । इनके पास से चोरी की 5 मोटरसाइकिलें (4 स्प्लेंडर और 1 ग्लैमर) भी बरामद की गई हैं ।
ग्रामीण इलाकों में खपाते थे चोरी की गाड़ियां
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया है कि उनके गिरोह में कुल 8-10 सदस्य सक्रिय हैं । यह गिरोह मुख्य रूप से जमशेदपुर के विभिन्न शहरी क्षेत्रों से रेकी करके मोटरसाइकिलों की चोरी करता था । चोरी करने के बाद ये गाड़ियां ईचागढ़, पटमदा, बोड़ाम, मुसाबनी और अन्य दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में गिरोह के अन्य सदस्यों के माध्यम से बेच दी जाती थीं ।
गिरफ्तार आरोपियों का है लंबा आपराधिक इतिहास
7 और 8 अप्रैल 2026 को की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए अपराधियों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है । पुलिस द्वारा जारी सूची के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हैं:
मिथुन समद (21 वर्ष): घोड़ाबांदा का रहने वाला यह शातिर अपराधी पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है । इसके खिलाफ पोटका, परसुडीह, सिदगोड़ा, बर्मामाइंस और टेल्को थानों में चोरी के दर्जनों मामले दर्ज हैं ।
बापी समद उर्फ ब्रह्मानंद समद (45 वर्ष): यह भी घोड़ाबांदा का निवासी है और इसके खिलाफ भी लगभग 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं ।
सुखदेव लोहरा (22 वर्ष): सेरेंगबेड़ा, गोबिंदपुर का निवासी है ।बसंती समद (40 वर्ष): यह बापी समद की पत्नी है, जो इस गिरोह के आपराधिक कार्यों में संलिप्त थी ।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस सफल छापेमारी अभियान में पुलिस उपाधीक्षक (पटमदा) श्री बचनदेव कुजूर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उत्कृष्ट कार्य किया । टीम में ओलीडीह ओपी प्रभारी पु०अ०नि० मो० शारीक अली, पु०अ०नि० विवेक पाल, रविन्द्र पाण्डेय, विजय कुमार, अभिषेक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे ।





