
जमशेदपुर/रांची, 21 जून 2026: मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी शाखा के सत्र 2026-27 के लिए नए अध्यक्ष का चुनाव संपन्न हो गया है। युवा और ऊर्जावान आकाश मोदी को सर्वसम्मति से इस गरिमामयी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसकी आधिकारिक घोषणा झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के प्रांतीय अध्यक्ष विशाल पडिया, प्रांतीय महामंत्री दीपक गोयंका, पर्यवेक्षक विकास अग्रवाल और चुनाव पदाधिकारी प्रवीण अग्रवाल द्वारा रांची में की गई। चुनाव को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने में चुनाव सह पदाधिकारी मनीष बंसल और अरुण अग्रवाल की भी अहम भूमिका रही।

युवा टीम में उत्साह, वरिष्ठों ने जताया भरोसा
आकाश मोदी के अध्यक्ष चुने जाने से स्टील सिटी शाखा के युवा साथियों और मंच परिवार में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। संगठन के विभिन्न सदस्यों और वरिष्ठजनों ने उन्हें बधाई दी है। सभी ने यह विश्वास व्यक्त किया है कि उनके कुशल नेतृत्व में शाखा आने वाले समय में और अधिक सशक्त, संगठित और सक्रिय होकर उभरेगी।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: मिथिला सांस्कृतिक परिषद जमशेदपुर की वार्षिक आम-सभा 12 जुलाई को, तैयारियों को लेकर हुई अहम बैठक
पद नहीं, समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी: आकाश मोदी
नवनिर्वाचित अध्यक्ष आकाश मोदी ने अपनी जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व केवल एक पद नहीं, बल्कि समाज और संगठन के प्रति एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपनी पूरी टीम के साथ मिलकर “जोश और होश” के बेहतरीन समन्वय से कार्य करेंगे। उनका मुख्य लक्ष्य संगठन को नई ऊर्जा, नई सोच और विकास के नए आयाम प्रदान करना है।
सेवा, संस्कार और सामाजिक कार्यों पर रहेगा मुख्य फोकस
उन्होंने संगठन के कोर मूल्यों की चर्चा करते हुए कहा कि मारवाड़ी युवा मंच हमेशा से सेवा, संस्कार और संगठन के सिद्धांतों पर चलता रहा है। आगामी सत्र में उनकी प्राथमिकताओं में युवाओं को संगठन से जोड़ना और समाजसेवा के कार्यों को बड़े पैमाने पर विस्तार देना शामिल है। इसके तहत रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच, शिक्षा का प्रसार, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जाएगा।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: योग दिवस और फादर्स डे का अनूठा संगम, ब्रह्माकुमारीज़ ने दिया स्वास्थ्य और संस्कारों का संदेश
युवाओं की ऊर्जा से रचेंगे नए कीर्तिमान
आकाश मोदी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के युवा केवल भविष्य नहीं बल्कि वर्तमान की असली शक्ति हैं। युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देकर संगठन और समाज के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी सदस्यों, पूर्व अध्यक्षों, वरिष्ठ जनों और प्रांतीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में स्टील सिटी शाखा सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। उन्होंने सभी का आभार जताते हुए कहा कि वे समन्वय और सहभागिता की भावना के साथ काम करेंगे।

