
(टेल्को): बकरीद के त्योहार को लेकर क्षेत्र में आपसी प्रेम, सद्भाव और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से टेल्को थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन की ओर से त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए कई जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए।
प्रतिबंधित पशुओं की बलि पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
बैठक को संबोधित करते हुए जिले के नवनियुक्त पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार ने साफ तौर पर कहा कि किसी भी तरह के प्रतिबंधित पशु की बलि देने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों से आग्रह किया कि वे न तो खुद किसी अफवाह का हिस्सा बनें और न ही दूसरों को बनने दें। उन्होंने कहा कि बकरीद त्याग और बलिदान का अनुपम उदाहरण है, इसे आपसी सौहार्द के साथ मनाकर समाज में मिसाल कायम करें।
अवशेषों के सही निष्पादन और काले पॉलीथिन के इस्तेमाल की अपील
पुलिस उपाधीक्षक ने मुस्लिम समाज के लोगों से अपील की कि वे सुनिश्चित करें कि बलि के बाद अवशिष्ट अंगों का निष्पादन सही और सुरक्षित ढंग से हो। इसके साथ ही, शहर के अन्य क्षेत्रों में रिश्तेदारों और सगे-संबंधियों के बीच प्रसाद (गोश्त) का वितरण करते समय विशेष सावधानी बरतें। एक जगह से दूसरी जगह ले जाते वक्त अंश को काले पॉलीथिन में अच्छी तरह पैक कर लें, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व को अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने का मौका न मिले।
मस्जिद कमेटियों को विशेष निर्देश
प्रशासन ने इस बावत सभी स्थानीय मस्जिद कमेटियों को विशेष रूप से निर्देशित किया है। नमाज के वक्त यह संदेश समाज के हर व्यक्ति तक अनिवार्य रूप से पहुंचाया जाए। बैठक में उपस्थित दंडाधिकारी अजय कुमार और थाना प्रभारी सह वरीय पुलिस निरीक्षक सुरेश कुमार ने भी सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर जरूरी बातें रखीं।
नए डीएसपी का हुआ परिचय, टाटा मोटर्स ने दिया सहयोग का भरोसा
केंद्रीय शांति समिति के वरीय सदस्य नंदलाल सिंह ने मंच का संचालन किया और सभी सदस्यों का परिचय नए पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार से कराया, जिन्होंने सुनील कुमार चौधरी के स्थान पर पदभार ग्रहण किया है। टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि ब्रजेश कुमार त्रिवेदी ने पर्व के दौरान बिजली, पानी और साफ-सफाई जैसे नागरिक मुद्दों पर कंपनी की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक को पूर्व महिला आयोग की अध्यक्षा कल्याणी शरण, डीडी त्रिपाठी, इम्तियाज अहमद, संजीव रंजन, अमीर अली अंसारी, शाहिद परवेज और इशर अहमद ने भी संबोधित किया। इस मौके पर प्रदीप कुमार दास, दिलीप पांडेय, रितेश शरण, बीरेंद्र उपाध्याय, आलम ताज, लैला तिवारी, उपेंद्र तिवारी, बलदेव रजक, संजय तिवारी, राजा सिंह, सुभाष राय, राममूर्ति, अनिल प्रकाश और राजू खान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


