
जमशेदपुर: शहर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत एलबीएसएम कॉलेज रोड (LBSM College Road), हरहरगुट्टू स्थित नीलकंठ नीलयम अपार्टमेंट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दूसरे तल्ले पर स्थित एक बंद फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। घटना का मुख्य कारण फ्लैट के अंदर लगे स्प्लिट एसी (Split AC) में हुआ जोरदार ब्लास्ट बताया जा रहा है। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।


खिड़की से धुआं निकलता देख बस्ती वालों ने किया अलर्ट
जानकारी के अनुसार, फ्लैट बंद था। अचानक फ्लैट की खिड़की से भारी मात्रा में धुआं निकलते देख आस-पास की बस्ती वालों ने इसकी सूचना तुरंत नीलकंठ नीलयम अपार्टमेंट में रहने वाले अन्य लोगों को दी। आग लगने की खबर फैलते ही पूरे अपार्टमेंट में दहशत फैल गई और सुरक्षा के मद्देनजर सभी फ्लैट वाले आनन-फानन में नीचे आ गए।
तत्काल इसकी जानकारी परसुडीह थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग (Fire Brigade) को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
ताला तोड़कर अंदर घुसे लोग, एसी के उड़ चुके थे परखच्चे
फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही अपार्टमेंट के निवासियों ने हिम्मत दिखाते हुए बंद फ्लैट का ताला तोड़ दिया। अंदर का नजारा डरावना था; पूरा कमरा काले धुएं से भरा हुआ था और अंदर से ब्लास्ट की आवाजें आ रही थीं।
फ्लैट में रहने वाले लोगों ने बताया कि अपार्टमेंट में सुरक्षा के मद्देनजर रखे गए अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguishers) का तुरंत इस्तेमाल किया गया और कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। जब धुआं छंटा तो देखा गया कि कमरे की दीवार पर लगा स्प्लिट एसी पूरी तरह से ब्लास्ट होकर जल चुका था। इसके अलावा कमरे में रखा अन्य सामान भी आग की चपेट में आकर खाक हो गया था।
READ MORE :Adityapur NEWS: वार्ड 32 में ईमानदारी की अनूठी मिसाल, राजदेव ठाकुर ने खोए हुए 3000 रुपये और जरूरी कागजात सुरक्षित लौटाए
मालिक को दी गई सूचना
राहत की बात यह रही कि फ्लैट बंद होने के कारण अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। घटना के तुरंत बाद फ्लैट के मालिक राहुल मजूमदार को फोन पर इसकी सूचना दी गई, जिसके कुछ समय बाद वे बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि एसी में शॉर्ट सर्किट कैसे हुआ।



