
जमशेदपुर। झारखंड की सियासत में घाटशिला विधानसभा उपचुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और घाटशिला विधानसभा क्षेत्र प्रभारी अभय सिंह ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि भाजपा से इस्तीफा देकर दूसरे दलों में शामिल होने वाले नेताओं ने वास्तव में पार्टी का भला किया है।
अभय सिंह ने कहा कि “जो लोग भाजपा से अलग होकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) में गए हैं, उन्होंने पार्टी के लिए कोई योगदान नहीं दिया था। बल्कि वे पिछले कुछ वर्षों से संगठन को भीतरघात के ज़रिए कमजोर कर रहे थे। ऐसे लोगों का जाना पार्टी के लिए राहत भरा कदम है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचारधारा-आधारित संगठन है, जहाँ निष्ठा और समर्पण सर्वोपरि हैं। “जिन लोगों ने भाजपा छोड़ी है, वे शरीर से पार्टी में थे लेकिन मन कहीं और था। जब चुनाव में भीतरघात करने का मौका नहीं मिला तो बेचैनी स्वाभाविक थी,” उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा।
अभय सिंह ने आरोप लगाया कि ऐसे लोग पिछले तीन वर्षों से पार्टी में निष्क्रिय थे और संगठन को “दीमक की तरह” खोखला कर रहे थे। जब प्रदेश नेतृत्व ने तीन महीने पहले ही इनकी पहचान कर ली और इन्हें जिम्मेदारियों से दूर रखा, तब उन्होंने दल बदलने का रास्ता चुना।
उन्होंने कहा कि अब भाजपा के सच्चे और समर्पित कार्यकर्ता राहत की सांस ले रहे हैं। “अब संगठन में अनुशासन और एकजुटता की भावना और मजबूत हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों के कार्यकर्ता जोश और आत्मविश्वास से भर गए हैं। घाटशिला उपचुनाव में भाजपा का विजय अभियान तय है।”
अभय सिंह ने आगे कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल पद या पैसे के लिए नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति, सिद्धांत और विचारधारा के लिए कार्य करते हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि “जो लोग पैसों और स्वार्थ के लिए पार्टी बदलते हैं, वे न जनता का भरोसा जीत सकते हैं, न खुद की साख बचा सकते हैं।”
<iframe src=”https://www.facebook.com/plugins/post.php?href=https%3A%2F%2Fwww.facebook.com%2FabhaysinghjsrBJP%2Fposts%2Fpfbid0PokizKnoKLLJgojmfpxXjzn1TjJpoMi2B1XWvAvep9DGBmKGYdn2tfBEAL9Njcj8l&show_text=true&width=500″ width=”500″ height=”724″ style=”border:none;overflow:hidden” scrolling=”no” frameborder=”0″ allowfullscreen=”true” allow=”autoplay; clipboard-write; encrypted-media; picture-in-picture; web-share”></iframe>
उन्होंने अंत में कहा कि “अब जब ऐसे लोग जा चुके हैं, तो कम से कम भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं के मार्ग में बाधा न डालें। जनता सब जानती है और इस बार का चुनाव परिणाम सच्ची निष्ठा और संगठन की जीत का प्रतीक बनेगा।”


