
जमशेदपुर।


बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में मारवाड़ी महिला मंच, जमशेदपुर शाखा के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राखी मेला का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यह मेला 22 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पाद, आकर्षक राखियां और घरेलू उपयोग की वस्तुएं लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं।
READ MORE :Durand Cup 2026 :रांची में 135वें डूरंड कप का ऐतिहासिक आयोजन, फ्री मिलेगी टिकट, जानें डिटेल
एक ही छत के नीचे राखियों से लेकर गृह सज्जा तक की खरीदारी
राखी मेले में आगंतुकों को एक ही स्थान पर राखियां, लुम्बा, गृह सज्जा की सामग्री, उपहार, हस्तनिर्मित मंगोड़ी, पापड़, अचार, चूर्ण तथा अन्य घरेलू उपयोगी उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध हो रहे हैं। मेले में स्थानीय उत्पादों के साथ विभिन्न शहरों से आए महिला उद्यमियों के स्टॉल भी लगाए गए हैं।
रांची, कोलकाता, घाटशिला, पुरुलिया, धनबाद, राउरकेला और बनारस सहित कई शहरों की महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है।
35 वर्षों से महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहा है राखी मेला
मेले का उद्घाटन विधायक पूर्णिमा साहू और महिला मंच की प्रांतीय अध्यक्ष प्रभा पांडिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष सीमा अग्रवाल और सचिव कंचन खीरवाल ने बताया कि यह आयोजन पिछले 35 वर्षों से लगातार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राखी मेले का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है। इससे महिला उद्यमियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने में सहायता मिलती है।
READ MORE :Jamshedpur News :तुलसी भवन में 20 से 22 जुलाई तक लगेगा विशाल राखी मेला
महिला सशक्तिकरण की सराहनीय पहल: पूर्णिमा साहू
मुख्य अतिथि पूर्णिमा साहू ने मेले का अवलोकन करते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह आयोजन प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने मारवाड़ी महिला मंच द्वारा वर्षों से किए जा रहे सामाजिक, सांस्कृतिक और महिला सशक्तिकरण के कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण सीमा अग्रवाल ने दिया। मंच संचालन कंचन खीरवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सरस्वती अग्रवाल ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर लता अग्रवाल, बीना खीरवाल, मंजू खंडेलवाल सहित मंच की प्रांतीय एवं जिला पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।



