
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक खुशखबरी है। रांची पहली बार एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट, डूरंड कप-2026 (135वें संस्करण) की मेजबानी करने जा रही है।


राज्य सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग ने इसे झारखंड के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। इस बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट का भव्य आगाज 26 जुलाई को होगा।
READ MORE :Jamshedpur News :जेआरडी में सीआईएससीई जोनल हैंडबॉल ट्रायल 2026 का शानदार आगाज, 1000 बच्चे शामिल
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे उद्घाटन
खेल निदेशक छवि रंजन ने बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम (मोरहाबादी) में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेल निदेशालय ने इस टूर्नामेंट के लिए अपनी व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 26 जुलाई को होने वाले उद्घाटन मैच का शुभारंभ राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में इंडियन आर्मी के प्रतिनिधि मनोज कुमार झा भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
दर्शकों के लिए फ्री टिकट की व्यवस्था, ऐसे करें प्राप्त
फुटबॉल प्रशंसकों के लिए सबसे अच्छी खबर यह है कि राज्य सरकार की तरफ से मैच देखने के लिए पूरी तरह से निःशुल्क (फ्री) टिकट की व्यवस्था की गई है। टिकट से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी:
वितरण की तारीख: 22 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक।
समय: सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक।
टिकट की सीमा: एक व्यक्ति को अधिकतम 4 टिकट दिए जाएंगे।
काउंटर की जगह: स्टेडियम परिसर में गेट नंबर 11 से 13 के बीच 10 काउंटर और गेट नंबर 23 के पास 2 अतिरिक्त काउंटर बनाए गए हैं।
READ MORE :Ranchi NEWS: संथाली फिल्म ‘आंगेन’ के लिए रवि राज मुर्मू को राष्ट्रीय पुरस्कार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी बधाई
स्टेडियम में कड़े सुरक्षा इंतजाम और पाबंदियां
टूर्नामेंट के दौरान सुरक्षा को लेकर बेहद कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे सुरक्षा जांच को ध्यान में रखते हुए मैच शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले स्टेडियम पहुंचें। नियमों का उल्लंघन करने वालों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। स्टेडियम में इन चीजों को ले जाने पर है सख्त मनाही:
हथियार, पटाखे और बड़े झंडे
बड़े बैग, हेलमेट और बाहरी खाद्य सामग्री
शराब और तंबाकू उत्पाद
ड्रोन, प्रोफेशनल कैमरे और लेजर पॉइंटर
लैपटॉप, बड़े पावर बैंक, मेगाफोन और एयर हॉर्न
एरोसोल स्प्रे
दुनिया का तीसरा सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट है डूरंड कप
खेल निदेशक छवि रंजन ने बताया कि वर्ष 1888 में शुरू हुआ डूरंड कप एशिया का सबसे पुराना और दुनिया का तीसरा सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट है।
इसके 135वें संस्करण में कुल 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनके बीच पांच अलग-अलग मेजबान शहरों में मुकाबले होंगे। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में इंडियन सुपर लीग (ISL), आई-लीग (I-League) के प्रमुख क्लबों के साथ-साथ भारतीय सशस्त्र बलों और विदेशी सैन्य टीमों की भी रोमांचक भागीदारी देखने को मिलेगी।


