
जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में युवाओं के बीच फैल रहे नशे के जाल पर पुलिस ने करारी चोट की है। जमशेदपुर पुलिस ने अवैध गांजा कारोबार का एक बड़ा खुलासा करते हुए एमजीएम (MGM) थाना क्षेत्र से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक तस्कर साधु के भेष में रहकर गांजा सप्लाई करने का काला धंधा चला रहा था। पुलिस ने इन दोनों के पास से करीब 7.8 किलो गांजा, गांजा से भरी 60 तैयार सिगरेट, नकद रुपये, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन (Weighing Machine) और पैकिंग सामग्री बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।


READ MORE :Jamshedpur News: कारगिल के 30 युद्ध वीरों का भव्य सम्मान
गुप्त सूचना पर सिमुलडांगा काली मंदिर के पास हुई छापेमारी
जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को शहर में गांजा तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर एमजीएम थाना क्षेत्र के सिमुलडांगा स्थित काली मंदिर के पास एक गुमटी में पुलिस टीम ने विशेष छापेमारी की। इस त्वरित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से रौशन कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया।
रौशन के पास से पुलिस ने यह सब किया बरामद:
130 ग्राम खुला गांजा
गांजा से भरी हुई 60 तैयार सिगरेट
इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और पैकिंग सामग्री
बिक्री के 3 हजार 60 रुपये नकद
READ MORE :Jamshedpur News :टाटानगर RMS में ₹10 में राखी लिफाफे, 24×7 बुकिंग
साधु से गांजा खरीदकर शहर में बेचता था रौशन
पुलिस की कड़ी पूछताछ में रौशन कुमार ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह बोड़ाम थाना क्षेत्र के जोबा गांव निवासी शंभू महतो उर्फ साधु से सप्ताह में दो से तीन बार गांजा खरीदकर लाता था और फिर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया और सिगरेट बनाकर शहर के युवाओं को बेचता था।
रौशन की निशानदेही पर पुलिस ने तुरंत शंभू महतो (कथित साधु) के घर पर भी छापेमारी की। वहां से पुलिस को भारी मात्रा में 7.67 किलोग्राम गांजा, गांजा के बीज और 5 हजार 840 रुपये नकद बरामद हुए। शंभू साधु के वेश में छिपकर नशे का यह बड़ा कारोबार संचालित कर रहा था।
पहले भी जेल जा चुका है तस्कर रौशन: ग्रामीण एसपी
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल (Rural SP Shubham Khandelwal) ने बताया कि गांजा तस्करी में गिरफ्तार किया गया रौशन कुमार एक आदतन अपराधी है। वह इससे पहले भी वर्ष 2023 में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत जेल की हवा खा चुका है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी गहनता से जांच कर रही है और नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।



