जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी से जुड़े 10 हॉटस्पॉट चिह्नित किए गए हैं, जहां पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। सितंबर महीने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई के दौरान 133 किलोग्राम गांजा और ब्राउन शुगर की 52 पुड़िया जब्त की गई थीं।
यह जानकारी 26 अक्टूबर को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक में दी गई।
नशे के 10 हॉटस्पॉट पर बढ़ेगी निगरानी
बैठक में उपायुक्त ने पुलिस और संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि चिह्नित हॉटस्पॉट और अन्य संवेदनशील इलाकों में नियमित निगरानी रखी जाए। नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों की जांच और कानूनी कार्रवाई में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त ने पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया, ताकि नशे के अवैध नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
हालांकि, प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति में चिह्नित 10 हॉटस्पॉट के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
READ MORE :CHAIBASA NEWS: कोल्हान विश्वविद्यालय में नशामुक्ति का संदेश, कुलपति बोलीं- युवा ही बदल सकते हैं समाज की तस्वीर
सितंबर में 133 किलो गांजा और 52 पुड़िया ब्राउन शुगर जब्त
NCORD बैठक में प्रस्तुत सितंबर 2026 की कार्रवाई का विवरण
10
चिह्नित हॉटस्पॉट
133
किलो गांजा जब्त
52
ब्राउन शुगर की पुड़िया
बैठक में बताया गया कि सितंबर महीने में जिले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में जांच और कानूनी प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जाए।
स्कूल-कॉलेजों में नियमित चलेगा नशामुक्ति अभियान
प्रशासन ने नशे की रोकथाम के लिए जागरूकता कार्यक्रमों को भी महत्वपूर्ण बताया।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग और थाना स्तर पर विद्यालयों में संचालित नशा विरोधी कार्यक्रमों को नियमित रूप से जारी रखने का निर्देश दिया।
विद्यालयों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को नशे से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के साथ इसके सामाजिक और पारिवारिक दुष्परिणामों की जानकारी देने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा नशे की समस्या से प्रभावित व्यक्तियों के लिए उपचार, नशामुक्ति और पुनर्वास संबंधी सेवाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।
नशे की तस्करी की सूचना इन नंबरों पर दें
जिला प्रशासन की सार्वजनिक अपील
आपातकालीन हेल्पलाइन
112
नंबर कॉपी करें
पुलिस कंट्रोल रूम
0657-2431028
नंबर कॉपी करें
मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी या परिवहन की जानकारी इन नंबरों पर दी जा सकती है। जिला प्रशासन के अनुसार, सूचनादाता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
बैठक में एसएसपी समेत कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा सहित स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन के साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।

