
जमशेदपुर: झारखंड को नशे के जाल से मुक्त कराने और एक स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में शुक्रवार (7 अगस्त) को एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। जमशेदपुर के सोनारी मरीन ड्राइव स्थित यूनिवर्सल पीस पैलेस (प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय) में “10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” (Nashamukti Mahaabhiyan) का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया गया। झारखंड के माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार (Governor Santosh Kumar Gangwar) ने अपने करकमलों से इस महाअभियान का आगाज करते हुए राज्यवासियों को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी का एक कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया।


‘सिर्फ कानून से नहीं रुकेगा नशा, समाज को आना होगा आगे’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने युवाओं से सीधी अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सख्त कानूनों और पुलिस की कार्रवाई से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी सबसे जरूरी है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली और उच्च नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों और भारी संख्या में मौजूद नागरिकों ने दायां हाथ आगे कर आजीवन सभी प्रकार के नशों से दूर रहने और अपने परिवार को नशामुक्त बनाने की ‘राष्ट्रीय नशामुक्ति प्रतिज्ञा’ ली।
नशामुक्ति रथ को दिखाई हरी झंडी, 10 लोगों को जोड़ने का लक्ष्य
इस खास मौके पर राज्यपाल ने ‘नशामुक्ति जनजागरण यात्रा’ के लिए तैयार किए गए एक विशेष प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों और सेवाधारियों को पट्टा व बैज पहनाकर उन्हें समाज में जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम के अंत में एक बड़ा संकल्प लिया गया कि प्रतिज्ञा लेने वाला हर नागरिक कम से कम 10 अन्य लोगों को इस अभियान से जोड़कर इसे एक जनआंदोलन में बदलेगा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: जमशेदपुर-भुवनेश्वर और कोलकाता फ्लाइट सेवा पर संकट, कुणाल षाड़ंगी ने हेमंत सोरेन से की मुलाकात
केंद्र सरकार और NCB के संयुक्त प्रयास से चल रहा महाअभियान
यह विशाल कार्यक्रम ब्रह्माकुमारीज़ की कोल्हान निदेशक बीके अंजू दीदी के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह महाअभियान भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और गृह मंत्रालय के अधीन नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के संयुक्त तत्वावधान में चलाया जा रहा है। इस राज्य स्तरीय शुभारंभ में एक्सएलआरआई (XLRI) के एसोसिएट डीन (स्टूडेंट अफेयर्स) प्रोफेसर परमज्योत सिंह समेत शहर के कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों और सामाजिक संगठनों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।


