
जमशेदपुर: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर जमशेदपुर (सोनारी) से भुवनेश्वर और कोलकाता के लिए संचालित हवाई सेवाओं को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम (RCS-UDAN) के तहत संचालित इन उड़ानों को केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी समाप्त किए जाने के कारण अगस्त के अंतिम सप्ताह से इनके बंद होने की आशंका है।


कोल्हान की कनेक्टिविटी पर पड़ेगा बड़ा असर
कुणाल षाड़ंगी ने मुख्यमंत्री को बताया कि यदि यह हवाई सेवाएं बंद होती हैं तो पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम समेत पूरे कोल्हान क्षेत्र के यात्रियों, छात्रों, मरीजों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों और निवेशकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर के लिए नियमित हवाई संपर्क बेहद जरूरी है।
केंद्र सरकार से पहल करने का किया आग्रह
उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि राज्य सरकार नागरिक उड्डयन मंत्रालय और केंद्र सरकार से तत्काल वार्ता कर इन उड़ानों को जारी रखने की दिशा में पहल करे। उनका कहना था कि बेहतर एयर कनेक्टिविटी से क्षेत्र के आर्थिक विकास, निवेश और रोजगार को भी मजबूती मिलेगी।
NEP से प्रभावित शिक्षकों के समायोजन का भी मुद्दा उठाया
बैठक के दौरान कुणाल षाड़ंगी ने विश्वविद्यालयों एवं डिग्री कॉलेजों में इंटरमीडिएट की पढ़ाई बंद होने तथा नई शिक्षा नीति (NEP) के कारण प्रभावित शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के समायोजन की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित इस विषय का समाधान आवश्यक है ताकि कर्मचारियों के भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता समाप्त हो सके।
झारखंड आंदोलनकारियों को प्रमाण-पत्र देने की मांग
उन्होंने झारखंड आंदोलनकारी चिन्हितीकरण आयोग द्वारा सूची प्रकाशित होने के बावजूद पूर्वी सिंहभूम के अनेक आंदोलनकारियों को अब तक प्रमाण-पत्र नहीं मिलने का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। विशेष रूप से घाटशिला और गुड़ाबांधा प्रखंड के पात्र आंदोलनकारियों को शीघ्र प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने तथा संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया गया, ताकि वे झारखंड आंदोलनकारी पेंशन योजना सहित अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
मुख्यमंत्री ने दिया आवश्यक पहल का भरोसा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। माना जा रहा है कि यदि राज्य सरकार इस दिशा में प्रभावी पहल करती है तो जमशेदपुर की हवाई सेवाओं को जारी रखने के साथ-साथ शिक्षा और आंदोलनकारियों से जुड़े लंबित मामलों में भी सकारात्मक प्रगति हो सकती है।


