जमशेदपुर। श्री श्याम भटली परिवार जमशेदपुर की ओर से साकची स्थित श्री अग्रसेन भवन में 15वां अन्नकूट महाप्रसाद एवं बाबा श्याम कीर्तन महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। आजीवन सदस्य रामजी पारीक के संयोजन में आयोजित इस धार्मिक समारोह में 800 से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया और बाबा श्याम का आशीर्वाद लेकर महाप्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में जमशेदपुर के विधायक सरयू राय और विधायक पूर्णिमा साहू भी शामिल हुए। दोनों ने बाबा श्याम के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया।
महोत्सव का शुभारंभ ज्योति एवं मनीष पारीक ने बाबा श्याम के अलौकिक श्रृंगार, ज्योत प्रज्वलन और कुलदेवी माता की वंदना के साथ किया। इस दौरान पूरा अग्रसेन भवन ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारों से गूंज उठा।
भजन संध्या में देर रात तक झूमे श्रद्धालु
कीर्तन महोत्सव में जयपुर से आए प्रसिद्ध भजन गायक नवीन शर्मा ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उन्होंने ‘छाई काली घटाएं तो क्या, इसकी छतरी के नीचे हूं मैं…’ जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं, स्थानीय भजन गायक मनीष गढ़वाल, बंटी चंगिल, मनोज पारीक और जुगल शर्मा ने भी अपनी भावपूर्ण गायकी से समां बांध दिया। भजनों की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और बाबा श्याम की भक्ति में लीन रहे।
READ MORE :Jamshedpur NEews:छठ व्रतियों की सेवा में आगे आया संत गाडगे जागृति मंच, सोनारी में 1.6 क्विंटल कद्दू का किया वितरण
106 में से 103 आजीवन सदस्यों की रही मौजूदगी
इस आयोजन की खास बात यह रही कि श्याम भटली परिवार के कुल 106 आजीवन सदस्यों में से 103 सदस्य समारोह में उपस्थित रहे। सदस्यों की यह भागीदारी परिवार की एकजुटता और धार्मिक परंपरा के प्रति समर्पण को दर्शाती है।
आयोजन को सफल बनाने में ललित डांगा, मदन अग्रवाल, रामजी पारीक, मनीष पारीक, वंश अग्रवाल, संदीप बजाज, बिस्सू नरेडी, संजय दत्ता, मनोज अग्रवाल, मनोज खेमका, मनीष सिंघानियां, प्रवीण भालोटिया, विवेक पुरिया, सीए विवेक चौधरी, महेश सिंघानिया, सीए अभिषेक अग्रवाल, बंटी चंगिल, बिमल अग्रवाल, रतन नरेडी, बंटी अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल और बिमलेश अग्रवाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पूजा एवं अन्य व्यवस्थाओं में पुष्पा देवी पारीक, उमा डांगा, शीतल पारीक, ज्योति पारीक, पूनम पारीक, संजना अग्रवाल, नेहा भालोटिया और मेघा सिंघानियां ने विशेष सहयोग दिया।

