आदित्यपुर। आदित्यपुर रेलवे कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के समीप शनिवार देर रात दुर्गा पूजा का नोटिस लगाने गए मंदिर समिति के कैशियर पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में आदित्यपुर नगर निगम के होमगार्ड एवं रेलवे कॉलोनी जगन्नाथ रथ यात्रा मंदिर समिति के संस्थापक सदस्य एवं कैशियर तथा रेलवे कॉलोनी दुर्गा पूजा एवं काली पूजा मंडप के सचिव मोहित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके एक सहयोगी को भी चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहित कुमार दुर्गा पूजा से संबंधित नोटिस लगाने के लिए मंदिर परिसर पहुंचे थे।
इसी दौरान बाउरीबस्ती के कुछ युवक, जो कथित तौर पर नशे की हालत में थे, उनसे उलझ पड़े और लोहे की रॉड तथा हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। हमले में मोहित कुमार को काफी चोटें आईं। उन्होंने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने का प्रयास किया। मोहित कुमार ने आरआईटी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पेट्रा बाउरी, किशोर बाउरी, छोटका बाउरी समेत दो अन्य लोगों को नामजद किया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। घटना के बाद मंदिर समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। समिति ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे कॉलोनी मैदान और आसपास के क्षेत्रों में नशाखोरी की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे महिलाओं और आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्ती और नशेड़ियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

