
जमशेदपुर। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद मजबूत इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और खेल प्रतिभा की प्रेरक तस्वीर जमशेदपुर के गोलमुरी में देखने को मिली। मिथिला सांस्कृतिक परिषद में योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय राज्य स्तरीय पैरा योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप–2026 उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में झारखंड के 120 से अधिक पैरा खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित, अस्थि दिव्यांग और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने विभिन्न आयु वर्गों में भाग लिया। खिलाड़ियों ने योगासनों के माध्यम से संतुलन, एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया।
दीप प्रज्वलन के साथ चैंपियनशिप का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अभय सिंह और विशिष्ट अतिथि शिव शंकर सिंह ने अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष मनोज तिवारी, मुख्य राज्य सलाहकार विपिन पांडे, राज्य सचिव चंदू कुमार, राज्य सलाहकार सह पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुधा झा, पैरा योगासन स्पोर्ट्स प्रमोशन कमिटी के चेयरमैन सह कोऑर्डिनेटर डॉ. रवि शंकर नेवार और चैंपियनशिप डायरेक्टर मलय कुमार डे उपस्थित रहे।
दृष्टिबाधित श्रेणी में ओम मुर्मू और बेबी पोद्दार ने जीता पहला स्थान
दृष्टिबाधित श्रेणी के अंडर-20 बालक वर्ग में ओम मुर्मू ने पहला, सुधांशु प्रसाद साहू ने दूसरा और विनय सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
अंडर-20 बालिका वर्ग में बेबी पोद्दार प्रथम, हंसिका सिंह द्वितीय और वंशिका कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
20 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग में आनंद महतो ने पहला, दीपक पासवान ने दूसरा और सागर कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी आयु वर्ग की महिला प्रतियोगिता में नेहा पोद्दार प्रथम रहीं।
श्रवणबाधित श्रेणी में आयुष, राखी, इंद्रजीत और प्रियंका बने विजेता
श्रवणबाधित अंडर-17 बालक वर्ग में आयुष कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। कमल किशोर बारी और सूरज कुमार संयुक्त रूप से दूसरे, जबकि शौर्य कुमार और आयुष कुमार संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
अंडर-17 बालिका वर्ग में राखी कुमारी प्रथम रहीं। आरोही और कोमल कुमारी संयुक्त रूप से दूसरे तथा प्रियांशी तीसरे स्थान पर रहीं।
17 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग में इंद्रजीत प्रतिहार प्रथम, अनमोल कुमार गिरी द्वितीय और अंशु कुमार तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में प्रियंका कुमारी ने पहला स्थान प्राप्त किया।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: 26 साल बाद उसी मंच पर पहुंचीं श्रेयशी सिंह, जहां पिता दिग्विजय सिंह ने किया था दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन, बोलीं- बेटियों को आगे बढ़ने दें
अस्थि दिव्यांग श्रेणी में करण कुमार और आयरा अव्वल
अस्थि दिव्यांग (OH-B) श्रेणी के अंडर-17 बालक वर्ग में करण कुमार ने प्रथम, दिव्यम दास ने द्वितीय और पी. निखिल साईं ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-17 बालिका वर्ग में आयरा ने पहला और शिवांशी ने दूसरा स्थान हासिल किया।
दिव्यांग खिलाड़ियों को समान अवसर देना प्रतियोगिता का उद्देश्य : विपिन पांडे
मुख्य राज्य सलाहकार विपिन पांडे ने कहा कि इस चैंपियनशिप का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को योग और खेल के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचान दिलाकर उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए प्रोत्साहित करना भी आयोजन का प्रमुख लक्ष्य है।
मुख्य अतिथि अभय सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
विशिष्ट अतिथि शिव शंकर सिंह ने कहा कि पैरा योगासन प्रतियोगिताएं दिव्यांग खिलाड़ियों को खेल की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ समाज में समानता और समावेशिता की भावना मजबूत करती हैं।
झारखंड में पैरा योगासन को मिलेगा बढ़ावा : सुधा झा
एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की मेहनत और खेल भावना की सराहना की।
पूर्वी सिंहभूम जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष सुधा झा ने कहा कि इस तरह की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं झारखंड में पैरा योगासन खेल के विकास और दिव्यांग खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
आयोजन को सफल बनाने में इनकी रही भूमिका
चैंपियनशिप के सफल आयोजन में झारखंड पैरा योगासन प्रमोशन कमिटी के संरक्षक के. प्रभाकर राव, जिला उपाध्यक्ष अर्जुन शर्मा, कोषाध्यक्ष ललिता शर्मा, जिला सह सचिव प्रज्ञा पारोमिता चक्रवर्ती, लक्ष्मी साहू, गौरी कर, इराक्षी शामल, प्रेमलता प्रसाद, राजन गुप्ता, अजय वर्मा, संगीता डे, सुषमा वर्मा, शाश्वती मैती, सुषमा गुप्ता, पूनम चक्रवर्ती, तरुणा नेवार और महिला पतंजलि योग समिति की सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।


