जमशेदपुर। कुष्ठ रोग को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत हेसलबिल गांव में सोमवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर मेरी दोस्ती तुमसे (MDT) 100 दिवसीय कुष्ठ जागरूकता अभियान के 23वें दिन इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को कुष्ठ रोग के लक्षण, बचाव, उपचार और समय पर बीमारी की पहचान के महत्व की जानकारी दी गई। इस दौरान चार कुष्ठ मरीजों को एमसीआर (MCR) चप्पल और दो मरीजों को सेल्फ केयर किट भी प्रदान किए गए।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने पत्नी सुधा गुप्ता और परिवार के साथ मनाई दीपावली, झारखंड की खुशहाली की कामना
कुष्ठ रोग अभिशाप नहीं, पूरी तरह इलाज संभव
जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि कुष्ठ रोग न तो कोई अभिशाप है और न ही पिछले जन्म का पाप। यह बैक्टीरिया से होने वाली बीमारी है, जिसका इलाज सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि शरीर पर किसी प्रकार का दाग दिखाई देने और उस दाग में निश्चित रूप से सुनापन महसूस होने पर कुष्ठ रोग की आशंका हो सकती है। ऐसी स्थिति में बिना देरी किए चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। बीमारी की जल्द पहचान और उपचार शुरू होने से दिव्यांगता से बचाव संभव है।
सेल्फ केयर और रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी की दी जानकारी
डेमियन फाउंडेशन के दुर्योधन बागती ने कुष्ठ रोग के लक्षण, प्रकार, उपचार और इससे होने वाली दिव्यांगता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने मरीजों को सेल्फ केयर के महत्व की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी के माध्यम से कुष्ठ रोग के कारण आई कुछ शारीरिक विकृतियों और दिव्यांगता को ठीक करने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा उन्होंने सहियाओं को कुष्ठ विभाग की ओर से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के बारे में भी जानकारी दी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: NIT जमशेदपुर में भव्य काली पूजा, 55वें वर्ष में पहुंची परंपरा; हजारों श्रद्धालुओं ने किए मां काली के दर्शन
मरीजों को दिए गए MCR चप्पल और सेल्फ केयर किट
कार्यक्रम के दौरान जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने चार मरीजों को माइक्रो सेलुलर रबर (MCR) चप्पल और दो मरीजों को सेल्फ केयर किट वितरित किए। इन सामग्रियों का उद्देश्य मरीजों को पैरों की सुरक्षा और नियमित देखभाल में सहयोग देना है।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के पीएलवी चयन मंडल, मीरा मंडल और चाकू माझी ने उपस्थित लोगों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
30 जनवरी 2027 तक चलेगा जागरूकता अभियान
मेरी दोस्ती तुमसे (MDT) 100 दिवसीय कुष्ठ जागरूकता अभियान 10 अक्टूबर 2026 से 30 जनवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है। इसके तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर कुष्ठ रोग की समय पर पहचान, निःशुल्क उपचार और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है।


