
जमशेदपुर। जमशेदपुर(पूर्वी) के विधायक पुर्णिमा साहू को सोमवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया था। बुधवार को झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने टीएमएच पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों से उपचार की विस्तृत जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

डॉक्टरों की विशेष निगरानी में चल रहा इलाज
बताया जाता है कि सोमवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर विधायक पूर्णिमा साहू को तुरंत टीएमएच में एडमिट कराया गया था। अस्पताल प्रबंधन और वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग कर रही है। टीएमएच के सूत्रों के अनुसार, विधायक की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है और वे पहले के मुकाबले काफी बेहतर महसूस कर रही हैं। डॉक्टरों ने उन्हें अभी कुछ दिन और आराम करने की सलाह दी है।
आदित्य साहू ने की जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना
अस्पताल में मुलाकात के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पूर्णिमा साहू एक कर्मठ और जनप्रिय नेत्री हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि वे जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर दोबारा अपने क्षेत्र की जनता के बीच लौटें और जनसेवा के कार्यों को गति दें। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने अस्पताल में मौजूद पूर्णिमा साहू के परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया।
पूर्व सीएम रघुवर दास ने भी जाना कुशलक्षेम
प्रदेश अध्यक्ष के दौरे से एक दिन पहले, मंगलवार को ओडिशा के राज्यपाल और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी टीएमएच पहुंचकर पूर्णिमा साहू का हालचाल लिया था। रिश्ते में रघुवर दास विधायक पूर्णिमा साहू के ससुर हैं। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, रघुवर दास ने अस्पताल में काफी समय बिताया और चिकित्सकों से उनकी मेडिकल रिपोर्ट्स की जानकारी ली।
READ MORE :CHAIBASA NEWS: कोल्हान विश्वविद्यालय में PG एडमिशन का शंखनाद, 24 जून से चांसलर पोर्टल पर करें आवेदन; जानें मेरिट लिस्ट से लेकर फीस तक की पूरी डिटेल
अस्पताल में लगा रहा भाजपा नेताओं का तांता
विधायक के अस्वस्थ होने की सूचना मिलते ही टीएमएच में भाजपा कार्यकर्ताओं का पहुंचना जारी है। बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष के साथ संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव और भाजपा नेता कुलवंत सिंह बंटी समेत कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।


