
जमशेदपुर। दुर्गा पूजा के अवसर पर लौहनगरी जमशेदपुर के गोलमुरी सर्कस मैदान में इस बार झारखंड की ग्रामीण जीवनशैली और आदिवासी संस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिलेगी। गोलमुरी दुर्गा पूजा कमिटी द्वारा तैयार भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन रविवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया। मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ पंडाल का उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पूजा समिति के सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: दुर्गा पूजा पर पुलिस अलर्ट, हाता और हल्दीपोखर के पंडालों में पहुंचे ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, सुरक्षा में लापरवाही पर सख्त निर्देश
ग्रामीण परिवेश और आदिवासी परंपरा पर आधारित है पूजा पंडाल
इस वर्ष गोलमुरी दुर्गा पूजा कमिटी ने पंडाल की थीम झारखंड के ग्रामीण परिवेश और आदिवासी परंपराओं पर आधारित रखी है।
पंडाल की सजावट में राज्य की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक जीवनशैली और लोकजीवन को प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है। ग्रामीण परिवेश से जुड़ी कलात्मक प्रस्तुति के माध्यम से श्रद्धालुओं को झारखंड की संस्कृति से परिचित कराने की पहल की गई है।
पूजा समिति का उद्देश्य मां दुर्गा की आराधना के साथ राज्य की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं का संदेश लोगों तक पहुंचाना भी है।
1926 से हो रहा दुर्गा पूजा का आयोजन, इस वर्ष 100 साल की परंपरा
गोलमुरी दुर्गा पूजा कमिटी का इतिहास करीब एक शताब्दी पुराना है। समिति के अनुसार, यहां वर्ष 1926 से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है।
इस तरह वर्ष 2026 में यह आयोजन अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर रहा है। समिति हर वर्ष अलग-अलग थीम पर पूजा पंडाल तैयार कर श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक संदेश देने का प्रयास करती रही है।
रघुवर दास ने किया उद्घाटन, अतिथियों को माता की चुनरी भेंट
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूजा कमिटी के अध्यक्ष मनोज खत्री ने अतिथियों को माता की चुनरी भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
उद्घाटन समारोह में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी दिनेश कुमार, समाजसेवी शिवशंकर सिंह, मजदूर नेता संजीव श्रीवास्तव, पप्पू सिंह, प्राचार्या शोभा पांडे, गुरुचरण सिंह बिल्ला, हरीश सिंह और पप्पू उपाध्याय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
READ MORE :BIHAR-UP-DELHI-PUNJAB NEWS: बिहार, यूपी, दिल्ली और पंजाब के रेल यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, 10-11 अक्टूबर को कई ट्रेनों के रूट डायवर्ट
पूजा पंडाल को भव्य बनाने में कमिटी के सदस्यों की अहम भूमिका
पंडाल के निर्माण, सजावट और आयोजन की तैयारियों में पूजा समिति के सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।
इनमें सुमित अग्रवाल, अमीश अग्रवाल, राजू प्रजापति, पंकज शर्मा, विनोद खत्री, रौनक खत्री, विजय लक्ष्मी वर्मा, विनीत सहगल, अमर कुमार, दीपक शर्मा, देवू प्रामाणिक, विशाल, सुरेश मेकअप, राजा अग्रवाल, आदित्य राज, राहुल कुमार सिंह, सुरेंद्र सिंह शिंदे और रंजन सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
श्रद्धालुओं से सौहार्दपूर्ण माहौल में पूजा मनाने की अपील
पूजा समिति ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से गोलमुरी सर्कस मैदान स्थित पूजा पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने की अपील की है।
साथ ही दुर्गा पूजा का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सांस्कृतिक सौहार्द के साथ मनाने का संदेश दिया गया है।


