
जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित राजस्थान भवन में श्री महासर माता परिवार जमशेदपुर (कोल्हान) की ओर से कुलदेवी महासर माता का 50वां मासिक कीर्तन उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नौ कन्याओं का पूजन, डांडिया रास और चुनड़ी उत्सव का आयोजन किया गया। माता के भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।शाम सात बजे शुरू हुआ कीर्तन रात 11 बजे तक चला। इसके बाद माता की आरती की गई और उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
READ MORE :Jamshedpur News: IFS अनिमेष चौधरी ने DC और SSP से की मुलाकात
गणेश वंदना के साथ शुरू हुआ भजनों का सिलसिला
धार्मिक आयोजन में साक्षी भालोटिया और परिचय भालोटिया ने यजमान की भूमिका निभाई। पंडित रामजी पारीक ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई।गणेश वंदना के साथ भजन संध्या की शुरुआत हुई। इसके बाद स्थानीय भजन गायक महावीर अग्रवाल, मनोज पारीक, जुगल शर्मा और कुसुम अग्रवाल ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।भजन गायकों ने ‘मइया ने दरबार लगाया दर्शन तो कर लेन दे’, ‘महासर वाली मैया लगे है मुझको जान से प्यारी’, ‘आज मेरी मइया को किसने सजाया’ और ‘पंखिड़ा तू उड़ के जाना पावागढ़ रे’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी।
इसके अलावा ‘घर में पधारो मैया रानी मेरे घर में पधारो’, ‘जन्म-जन्म का साथ है हमारा तुम्हारा’ और ‘महासर जाके मइया मेरी मौज हो गई’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए।
नौ कन्याओं का पूजन, डांडिया और चुनड़ी उत्सव बना आकर्षण
महासर माता के 50वें मासिक कीर्तन के अवसर पर नौ कन्याओं का विधिवत पूजन किया गया। इसके साथ ही आयोजित डांडिया रास और चुनड़ी उत्सव ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।श्रद्धालुओं ने कुलदेवी के चरणों में हाजिरी लगाई और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
READ MORE :Jamshedpur Diwali Mela 2026: बिष्टुपुर में 26 से 28 अक्टूबर तक ट्रेड फेयर
रात 11 बजे आरती के साथ हुआ समापन
चार घंटे तक चले कीर्तन उत्सव के दौरान राजस्थान भवन का वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम का समापन रात 11 बजे माता की आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।आयोजन को सफल बनाने में दीपक भालोटिया, राजेश पसारी, प्रदीप मित्तल, टोनी भालोटिया, गणेश भालोटिया, संजय पालसानिया, शिव सिंघानिया, कृष्णा भालोटिया, अनिल अग्रवाल, मंजू भालोटिया, संगीता मित्तल, संगीता भालोटिया और डोली मित्तल सहित अन्य सदस्यों ने योगदान दिया।
श्री महासर माता परिवार जमशेदपुर (कोल्हान) के इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर कुलदेवी महासर माता के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।


