
जमशेदपुर,। दीपावली की खरीदारी की तैयारी कर रहे जमशेदपुरवासियों के लिए अच्छी खबर है। सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में 26 से 28 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय दीपावली ट्रेड फेयर का आयोजन किया जाएगा। मेले में त्योहार से जुड़े पारंपरिक और आधुनिक उत्पाद एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे। खास बात यह है कि इस आयोजन के माध्यम से महिला उद्यमियों, स्थानीय व्यापारियों और कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री का अवसर मिलेगा।
मेला तीनों दिन सुबह 11 बजे से रात 8:30 बजे तक चलेगा। इसमें आम लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा।
READ MORE :Jamshedpur: ड्रग्स-सट्टेबाजी पर सरयू राय सख्त, SSP को अल्टीमेटम
मिट्टी के दीये से लेकर आभूषण तक की होगी खरीदारी
दीपावली ट्रेड फेयर में ग्राहकों को त्योहार से जुड़ी कई तरह की वस्तुएं खरीदने का अवसर मिलेगा। इनमें स्थानीय कुम्हारों के हाथों से बने मिट्टी के दीये, हस्तनिर्मित मोमबत्तियां, बेडशीट, कुर्तियां, गृह सज्जा के सामान, लड्डू गोपाल की पोशाकें और आभूषण सहित कई अन्य उत्पाद शामिल होंगे।आयोजकों के अनुसार, मेले का उद्देश्य ग्राहकों को सुविधाजनक खरीदारी का अवसर उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को बढ़ावा देना भी है।
महिला उद्यमियों को मिलेगा कारोबार बढ़ाने का अवसर
सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने बताया कि दीपावली ट्रेड फेयर का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करना और स्थानीय व्यापार को नई ऊर्जा प्रदान करना है।उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे परिवार के साथ मेले में पहुंचें और महिला उद्यमियों तथा स्थानीय कारोबारियों के उत्पाद खरीदकर उनका उत्साह बढ़ाएं।
ऑनलाइन खरीदारी के दौर में स्थानीय बाजार को बढ़ावा देने की पहल
चैंबर के उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन के बीच स्थानीय बाजारों को मजबूत करना जरूरी है।उन्होंने कहा कि इस ट्रेड फेयर में लोगों को अलग-अलग प्रकार के उत्पाद एक ही स्थान पर मिलेंगे। साथ ही स्थानीय दुकानदारों और कारीगरों को ग्राहकों से सीधे जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
चैंबर के महासचिव पुनीत कांवटिया ने बताया कि संगठन व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और उपभोक्ताओं को बेहतर खरीदारी का अवसर देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। दीपावली ट्रेड फेयर भी इसी दिशा में एक पहल है।
READ MORE :INDIAN RAILWAYS: झारखंड-ओडिशा के यात्रियों को नई ट्रेन, पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस का टाइम टेबल जारी
तीन दिनों तक चलेगा मेला, प्रवेश रहेगा नि:शुल्क
सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भरत मकानी ने बताया कि मेले में दीपावली से जुड़े पारंपरिक और आकर्षक उत्पादों की विविधता देखने को मिलेगी। उन्होंने शहरवासियों से आयोजन में भाग लेने की अपील की।मेले की कोऑर्डिनेटर चैंबर की कार्यसमिति सदस्य सुमन नागेलिया हैं।आयोजन की तैयारियों में उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव विनोद शर्मा, अंशुल रिंगसिया, सुरेश शर्मा और कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।दीपावली ट्रेड फेयर के माध्यम से चैंबर ने शहरवासियों को स्थानीय स्तर पर खरीदारी करने और महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया है।

