
जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत सुनसुनिया गेट के सामने मंगलवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में एक बाइक सवार युवक की बड़ी गाड़ी की चपेट में आने से जान चली गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
गाड़ी में फंसी बाइक, कई मीटर तक घिसटता रहा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवक एक बड़ी गाड़ी (हेवी व्हीकल) की चपेट में आ गया था।टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बड़ी गाड़ी में बुरी तरह फंस गई और गाड़ी रुकने के बजाय बाइक को काफी दूर तक सड़क पर घिसटती ले गई।घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह गंभीर रूप से घायल युवक को बाहर निकाला और इलाज के लिए तुरंत टीएमएच (TMH) अस्पताल भेजा।हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सागर गोप के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सागर के परिजन भी टीएमएच पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
READ MORE :SERAIKELA KHARSAWAN NEWS :अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 70 लीटर महुआ शराब और बीयर जब्त, 2 गिरफ्तार
बड़ी गाड़ियों के बेलगाम परिचालन से लोगों में भारी आक्रोश
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस और प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।लोगों का कहना है कि सुनसुनिया गेट के सामने आए दिन बड़ी गाड़ियों की चपेट में आने से दोपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं।स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि बार-बार हादसे होने के बावजूद इस दिशा में प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और बड़ी गाड़ियों के परिचालन पर तत्काल प्रभाव से नियंत्रण लगाने की मांग की है।

