जमशेदपुर। आज हम सभी उन्ही का अनुकरण कर रहे हैं, उनके बताये रास्ते से ही समाज के सर्वागींण विकास का सपना साकार होगा। आज टाटा समुह की जो विरासत और मूल्य (वैल्युज) वो हमारे लिए छोड़ गये हैं, वे बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। उक्त विचार जेमीपोल के प्रबंध निदेशक पी. एस. रेड्डी ने आज भारत रत्न जेआरडी टाटा के सम्बन्ध में उनकी 117वीं जयंती के उपलक्ष्य में रेड क्रॉस भवन में आयोजित रक्तदान शिविर के उद्घाटन समारोह को सम्बोधित कर कहा। उन्होने कहा कि देश के अनेक क्षेत्रों में वे पायनियर (अगुआ) थे, चाहे वह भारत को औद्योगिक रूप से समृद्ध करने की बात हो, नागरिक उड्डयन का क्षेत्र हो या फिर जनसंख्या विस्फोट की बात, यहां तक कि उन्होने महिला कर्मियों को भी टाटा समुह में सम्मान के साथ अवसर देने में अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाया। आज उनके जन्म दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन सराहनीय है और रक्तदाता अपने जीवन को यह सर्वोत्तम उपहार देकर किसी को जीवन दान देता है, इससे बेहतर और कुछ नहीं हो सकता। उन्होने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। रक्तदान शिविर का उद्घाटन उन्होने रेड क्रॉस सोसाईटी के प्रबंध समिति सदस्य श्री चन्द्रमोहन सिंह, जेमीपोल के श्री एस. एस. दास, श्री विकास कुमार द्विवेदी तथा एसडीपी डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह के साथ मिल संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित किया। शिविर में 106 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया, रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह उपस्थित थें। उन्होने सभी रक्तदाताओं को धन्यवाद ज्ञापित किया, सभी रक्तदाताओं को स्मृति चिन्ह स्वरूप रक्तदाता टी शर्ट प्रदान किया गया। रक्तदान शिविर का सफल बनाने में रेड क्रॉस के श्री टी. बी. दत्ता, दीपक मित्रा, डीके घोष, सरस्वती सरकार, समीर सरकार, श्री मंडल, गीता सिंह, अशोक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रहीं, जमशेदपुर ब्लड बैंक की चिकित्सक डॉ. रीता सिंह के नेतृत्व में तकनीकी टीम ने रक्त संग्रहित किया। रेड क्रॉस का अगला रक्तदान शिविर 8 अगस्त को रेड क्रॉस भवन में आयोजित किया जायेगा।
