
जमशेदपुर। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के उपसमाहर्ता संजय कुमार ने जिले के जूड़ी गांव को महिला समृद्धि की दिशा में मॉडल गांव बनाने की पहल की है। संजय कुमार ने पोटका के जूड़ी पंचायत भवन में एकत्रित एक सैकड़ा से अधिक महिलाओं के बीच पहुंचकर महिला समृद्धि से सम्बंधित कई प्रस्तावों को रखा जिन्हें महिलाओं ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया। इस महिला महासभा के समापन के उपरान्त मुखिया श्रीमती साबित्री सरदार के नेत्रत्व में सभी महिलाओं ने गांव की गलियों मार्च कर एकजुटता का संकल्प लिया।

गांव की पढ़ी लिखी युवती के सम्मान में रखा गया गली का नाम
गांव में महिला शिक्षा को बढ़ावा देने तथा बालिकाओं का आत्मबल बढ़ाने के लिए जूड़ी गांव की एक प्रमुख गली का नाम इस गली में रहने वाली एमए की छात्रा सुश्री सुमिता भट्टाचार्या के नाम पर ‘‘सुमिता भट्टाचार्या गली‘‘ किया गया। सुमिता जमशेदपुर महिला कालेज की छात्रा हैं। इस मुहिम की औपचारिक शुरुआत संजय कुमार तथा मुखिया ने संयुक्त रूप से उक्त छात्रा के नाम का संकेतक गली के एक छोर पर चिपकाकर किया। एक सप्ताह के भीतर गांव की सभी गलियों को इसी तर्ज पर नाम दिया जाना है। जिसका जिम्मा नवगठित महिला समूह ‘‘स्काई क्लब‘‘ को दिया गया। संजय कुमार ने कहा कि इस कदम से न केवल शिक्षित बहु बेटियों तथा उनके परिजनों को सम्मान मिलेगा बल्कि दूसरी लड़कियों और उनके अभिभावकों को प्रेरणा मिलेगी।
गांव के विकास में अहम् भूमिका निभाएगा ‘‘स्काई क्लब‘‘
गांव की 100 प्रबुद्ध ( पढ़ी लिखी ) महिलाओं को लेकर आज गठित आसमानी क्लब ( स्काई क्लब ) एक ओर समाज में व्याप्त तमाम बुराइयों जैसे नशाखोरी ,बालविवाह , कन्या भ्रूण हत्या , डायन प्रथा ,घरेलु हिंसा आदि के विरुद्ध प्रमुखता से आवाज उठाकर इनके उन्मूलन के लिए सामाजिक प्रयास करेगा वही दूसरी ओर स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ , प्रौढ़ शिक्षा आदि की दिशा में गांव में सकारात्मक माहौल तैयार करेगा।
स्वरोजगार हेतु लगाएंगी सामूहिक कुटीर उद्योग
संजय कुमार ने सभी महिला कार्यकर्ताओं से अपील की कि गांव समृद्ध तभी होगा जब हर घर समृद्ध होगा इसके लिए वे एकजुट होकर या कुछ उपसमूह बनाकर रूचि के अनुसार कुटीर उद्यम गांव में ही शुरू करें तो उन्हें सरकारी स्तर पर हर सम्भव समन्वयात्मक सहयोग दिया जायेगा । इस पर सभी महिला सदस्यों ने कहा कि आगामी 25 जनवरी को होने वाली दूसरी बैठक तक वे लोग कुटीर उद्योग की योजना बनाकर तैयार कर लेंगी।
मौजूद थे
इस अवसर पर मुखिया सावित्री सरदार, पूर्व मुखिया राजू सरदार , ग्रामीण पत्रकार वीरेंद्र कुमार, जल सहिया निक्की शर्मा ,बेला बनर्जी,श्रेया मोहंती , सुनीता चटर्जी , ममता चटर्जी , अपराजिता पैडा ,उषा रानी ,माला कर्मकार , राधा रानी महतो , अनीता प्रामाणिक , , माया गोप, चैताली महतो आदि सहित एक सौ से अधिक लोग मौजूद थे।

