
JAMSHEDPUR


वीमेंस कॉलेज में ज्वाॅय ऑफ गीविंग कार्यक्रम का आयोजन 13 फरवरी दिन शनिवार को सुबह दस बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चला। इस मौके पर काॅलेज परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारीगण व छात्राओं ने स्वेच्छा से दैनिक जरूरतों की वस्तुएं भेंट की। प्राचार्या प्रोफेसर शुक्ला महांती ने कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए सबसे पहले सामग्री दी।
उन्होंने कहा कि हमारे काॅलेज के एमबीए विभाग की शिक्षिकाओं व छात्राओं ने इस कार्यक्रम को बेहतर ढंग से प्रबंधित किया है। यह उनके लिए फ़ील्ड ट्रेनिंग जैसा ही है। इस आयोजन के बहाने हमने वैलेंटाइन डे की संस्कृति को फिर से परिभाषित करने की कोशिश की है। वैलेंटाईन डे की जो समझ पश्चिम से आई है उसमें उपभोक्तावादी नजरिया है। प्रेम की सबसे अधिक जरूरत हमारे बड़े बुजुर्गों को है। जिन्हें उनकी संतानों ने अपने प्रेम से वंचित कर रखा है, उन्हें हम अपना प्रेम और सम्मान देंगें और उनका आशीर्वाद हम लेंगे। इसलिए आज एकत्रित की गई
सभी सामग्री को कल वैलेंटाइन डे पर बाराद्वारी के आशीर्वाद भवन वृद्धाश्रम में भेंट कर दिया जाएगा। काॅलेज परिवार के सभी सदस्यों ने इसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। छात्राओं की तरफ से सुदेशना, शीतल, स्नेहा, मुस्कान ने सामग्री भेंट करने के बाद कहा कि इस आयोजन से हमें ऐसा बहुत कुछ याद करने को मिला, जिसे शायद हम जाने अनजाने भूलते आ रहे थे। परिवार में हर रिश्ता जरूरी होता है। सबको एक दूसरे के प्रेम और खयाल की जरूरत है। कार्यक्रम के आयोजन में एमबीए विभाग की डाॅ. श्वेता प्रसाद, डाॅ. केया बनर्जी, डाॅ. सुमन कुमार तिवारी सहित एकता, स्निग्धा, कस्तूरी आदि छात्राओं का योगदान रहा।

