
जमशेदपुर।


सामाजिक सरोकार निभाते हुए टीम अंत्योदय मिशन ने शुक्रवार को सुंदरनगर स्थित चेशायर होम अनाथालय में बच्चों के संग
दीपावली और बाल दिवस की खुशियां मनाई। त्यौहारों को सार्थक बनाने के शाश्वत उद्देश्य से टीम अंत्योदय मिशन ने बच्चों के मध्य खाद्य सामग्रियों, फ्रूटी, चॉकलेट, बर्गर इत्यादि का वितरण किया। इस दौरान दस पाउंड के केक काटकर स्पेशल बच्चों संग दीपावली और बाल दिवस की शुभकामनाएं दी गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, जिला पार्षद सुदीप्तो डे राणा, भाजपा नेता संदीप शर्मा बॉबी, अनमोल वर्मा मौजूद रहें। आयोजन से पूर्व सभी ने सामूहिक प्रार्थना करते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने इस कार्यक्रम को सार्थक करार देते हुए कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। कहा कि विशेष बच्चों के मध्य समय बिताना मार्मिक अनुभव होता है। उन्होंने युवाओं को ऐसे लोकोपयोगी आयोजनों के लिए प्रोत्साहित किया तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का संयोजन अंत्योदय मिशन संस्था की डॉ. चांदनी श्रीनिवासन ने किया। इस दौरान टीम से जुड़े अंकित आनंद, अजय पंचम, निधि केडिया, पुष्पम प्रिया, विक्रम पंडित समेत अन्य मौजूद थे।

