
जमशेदपुर, गुरुवार। भाजपा जमशेदपुर महानगर ने जिला प्रशासन से दुर्गा पूजा को लेकर उत्पन्न हो रहे भ्रम की स्थिति पर सरकार के रुख को स्पष्ट करने की माँग की है। गुरुवार शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति में भाजपा महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा कि प्रशासन द्वारा जारी नियमों के साथ पूर्व के निर्देशानुसार दुर्गापूजा करने के हेतु पंडाल निर्माण की बात कही गयी। परंतु पूजा कमिटी द्वारा पंडाल निर्माण के साथ बुनियादी आवश्यकताओं को पूर्ण करने के दौरान स्थानीय पुलिस द्वारा निर्माण रोकने से पूरे शहर में पूजा को लेकर उहापोह की स्थिति बन गयी है। गुंजन यादव ने कहा कि पूर्व में राज्य में सभी पर्व-त्योहार को नियम के तहत मनाने का आदेश दिया गया है। ऐसे में आस्था के महापर्व दुर्गापूजा पर शासन एवं प्रशासन द्वारा कोई स्पष्ट दिशानिर्देश जारी न होने से शहरवासियों में नाराजगी है। उन्होंने जिला प्रशासन से पूजा के संबंध में निर्देश जारी करने की माँग की है। उन्होंने कहा कि पूजा में ज्यादा दिनों का समय नहीं है, ऐसे में प्रशासन अगर जल्द दिशानिर्देशों को जारी नहीं करता है तो मज़बूरण भाजपा को विरोध की स्थिति में आना पड़ेगा।



