
जमशेदपुर।


पेयजल एवं स्वच्छता विभाग भारत सरकार के सचिव, मुख्य सचिव झारखंड तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग झारखंड के सचिव द्वारा आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्वच्छ भारत मिशन(ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की गई। वीसी में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत प्रखंडों में बनने वाले सामुदायिक शौचालय के निर्माण के प्रगति की जानकारी ली गई। निदेश दिया गया कि सामुदायिक शौचालय निर्माण में प्रवासी श्रमिकों को अधिकाधिक संख्या में नियोजित कर रोजगार प्रदान करें।
विभागीय सचिव प्रशांत कुमार ने बताया कि सामुदायिक शौचालय निर्माण के लिए राशि आवंटित कर दी गई है। जिन जिलों में प्रखंड स्तर पर सामुदायिक शौचालय का निर्माण होना है एवं ग्राम सभा के स्तर से स्थल चयन कर लिया गया है वहां यथाशीघ्र निर्माण कार्य शुरू किया जाए।
सचिव भारत सरकार एवं मुख्य सचिव तथा पीएचडी सचिव ने 15 सितंबर तक सभी प्रखंडों में सामुदायिक शौचालय के निर्माण कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही NOLB के अंतर्गत शौचालय निर्माण 31 जुलाई 2020 तक पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम द्वारा बताया गया कि 16 जुलाई को सभी बीडीओ एवं संबंधित पदाधिकारी के साथ बैठक कर एक्शन प्लान तैयार करते हुए तय समयावधि में कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
जिला मुख्यालय एनआईसी से वीसी में उपायुक्त श्री सूरज कुमार, पीएचडी के कार्यपालक अभियंता(जमशेदपुर प्रमंडल) श्री शिशिर सोरेन, कार्यपालक अभियंता आदित्यपुर प्रमंडल श्री संतोष मणि, एसबीएम(जी) जिला समन्वयक श्री अमन झा शामिल हुए

