
उपायुक्त की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक, लॉक डाउन का सख्ती से अनुपालन कराने के दिए निर्देश


अनावश्यक रूप से सड़कों पर रहने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई, मास्क पहनना अनिवार्य किया गया
भोजन बांटने के लिए सेक्टर के हिसाब से होगा पास निर्गत
आईसीएमआर का इजाजत मिलते ही एमजीएम में शुरू होगा कोरोना वायरस जांच के दो और मशीन
टीएमएच में जल्द शुरू होगा COVID-19 संक्रमण का टेस्ट
जमशेदपुर। जिले के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रविशंकर शुक्ला की अध्यक्षता में कोविड-19 के रोकथाम एवं बचाव के मद्देनजर वरीय पुलिस पदाधिकारी, एमजीएम कॉलेज के प्राचार्य, एमजीएम अस्पताल के उपाधीक्षक के साथ ही कॉरपोरेट कम्पनी के प्रतिनिधियों की एक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उपायुक्त ने लॉक डाउन को और सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों को दिए। उपायुक्त ने टाटा स्टील के प्रतिनिधि को निर्देश दिया कि लॉक डाउन के सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने में अपना सहयोग प्रदान करें और जिले के बाहर से आने वाले मजदूर को या तो शहर में ही रहने की व्यवस्था करें अथवा उनके स्थान पर स्थानीय मजदूरों से काम कराएं। वहीं उन्होंने कंपनी के पदाधिकारी को निर्देश दिए कि अपने सूत्रों एवं संसाधन के माध्यम से डोर टू डोर सर्वे कराए एवं लोगों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करने में जिला प्रशासन का सहयोग करें। उपायुक्त द्वारा जुस्को के पदाधिकारियों को लोगों को जागरूक करने के लिए माइकिंग कराने के साथ ही लगातार फॉगिंग कराने का भी निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने उन्हें बताया कि सीएसआर के तहत लोगों में जो भोजन का वितरण किया जा रहा है उससे जुड़ी कुछ शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, इसमें सुधार करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया। उपायुक्त द्वारा जुस्को कर्मियों हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला प्रशासन द्वारा कराने से संबंधित निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया। उपायुक्त द्वारा अंतर जिला सीमा पर स्थित चेक नाका पर कड़ाई से चेकिंग करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया।
डॉक्टर से बातचीत के क्रम में उपायुक्त को एमजीएम कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि अब तक कुल 917 सैंपल प्राप्त किया गया है जिसमें 700 के रिपोर्ट दिए जा चुके हैं शेष रिपोर्ट जल्द ही आ जाएंगे। वहीं उन्होंने बताया कि आईसीएमआर के अनुमति के पश्चात जल्द दो और जांच मशीन शुरू हो जाएगी जिससे जांच में और तेजी आएगी। वहीं टी एम एच के डॉक्टर ने बताया कि जल्द ही उनके अस्पताल में कोरोना संक्रमण का टेस्ट शुरू हो जाएगा जिससे कोरोना के पॉजिटिव मरीजों की पहचान में आसानी होगी। उपायुक्त ने आईसीएमआर के निर्देश का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिए। बीएलओ के माध्यम से डोर टू डोर सर्वे कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया। बैठक में मुख्य रूप से एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, अपर उपायुक्त, अपर जिला दंडाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सिविल सर्जन, तीनों निकाय के पदाधिकारी, सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

