
मंत्री आलमगीर आलम से मिल मंगल कालिंदी ने सौंपा ज्ञापन


जमशेदपुर : जल्द ही जुगसलाई विस क्षेत्र के निवासियों को पुराने जर्जर सड़कों के साथ-साथ नये कई सड़कों की सौगात मिलने की उम्मीद है. इस संबंध में क्षेत्र के विधायक मंगल कालिंदी ने आज राज्य के ग्रामीण विकास (विशेष प्रमंडल) एवं ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री आलमगीर आलम से मिलकर कई सड़कों की मरम्मत व निर्माण की अनुमति देने का आग्रह किया. साथ ही पूर्व में सौंपे गये ज्ञापन के आधार पर उसपर भी सहयोग करने का अनुरोध किया.
आज जो ज्ञापन सौंपा गया है, उसमें भुइयांसिनान से भुला मोड़ तक लगभग 11 किलोमीटर सड़क की मरम्मत, बामनी मोड़ से खेडूआ तक 3 किलोमीटर तक की सड़क की मरम्मत, कांकीडीह मोड़ से डीमूडीह मोड़ तक 5 किलोमीटर तक की सड़क की मरम्मत तथा खेडूआ बड़ा बांध से नवाडीह तक 2 किलोमीटर सड़क व इसके बीच में पुल का निर्माण कार्य (20 मीटर) का निर्माण कार्य शामिल है. विधायक ने मंत्री से उपरोक्त सभी सड़कों की मरम्मत व निर्माण कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति देने का अनुरोध किया है. इसके अलावा गत 5 मार्च को सौंपे गये ज्ञापन के आधार पर और 9 सड़कों की मरम्मत व निर्माण कराने का आग्रह भी शामिल है. अलग-अलग दो ज्ञापन में जल्ला कॉलेज होते हुए जामबोनी मोड़, छोटा गोविंदपुर नेशनल टेंट हाउस से गोड़ाडीह पेट्रोल पंप तक, जानेगोड़ा से परसुडीह त्रिवेणी टावर, सरजामदा मुख्य सड़क से छोटा गोविंदपुर ईमली पेड़ चौक तक मरम्मत, गदड़ा चौक से टुपुडांग, भुला मोड़ से हाथीखेदा मंदिर, गुरमा से मदनाबेड़ा, गोविंदपुर आसनबनी मुख्य सड़क से बामनीडीह एवं गोविंदपुर हाट रोड से खैरबनी तक पक्की सड़क निर्माण का प्रस्ताव दिया गया है.

