
पटना।


शनिवार को 9वीं बटालियन एनडीआरएफ हेडक्वार्टर बिहटा (पटना) में नेहरू युवा केन्द्र संगठन के स्वयंसेवकों के लिए चलाए जा रहे अठारहवें बैच का आपदा प्रबंधन पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। 24 फरवरी से
29 फरवरी 2020 तक चलाये गये इस प्रशिक्षण में झारखंड राज्य के देवघर जिला के 27 स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन एवं रेस्पांस से संबंधित विभिन्न जीवन रक्षक तकनीकों के बारे में प्रशिक्षित किया गया। समापन समारोह तथा प्रमाण पत्र वितरण 9 बटालियन एनडीआरएफ के द्वितीय कमान अधिकारी रवि कान्त द्वारा किया गया।
9 बटालियन एनडीआरएफ द्वारा अब तक अठारह अलग-अलग बैचों में नेहरू युवा केन्द्र संगठन के कुल 689 स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। यह प्रशिक्षण डिपार्टमेंट ऑफ यूथ अफेयर्स, भारत सरकार के सहयोग से तथा बल मुख्यालय एनडीआरएफ नई दिल्ली के निर्देशानुसार एनडीआरएफ कैम्पस बिहटा में चलाया गया।
9 बटालियन एनडीआरएफ के कमान्डेंट विजय सिन्हा ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके ये सभी स्वयंसेवक किसी भी आपदा में एक फर्स्ट रेस्पांडर के तौर पर पीड़ितों को हर संभव मदद करने में सहायक होंगे। प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को जीवन रक्षक तकनीक, खोज एवं बचाव तकनीक, बाढ़-बचाव तकनीक, सर्प-दंश प्रबंधन आदि के बारे में लेक्चर तथा डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से बताया गया। उन्होंने आगे बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके सभी स्वयंसेवक अब एनडीआरएफ मित्र है।

