
जमशेदपुर।


पूर्वी सिहभूम जिले के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रविशंकर शुक्ला के निर्देश के आलोक में आज जमशेदपुर शहरी क्षेत्र अंतर्गत तीनों नगर निकाय क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सब्जी बाजारों में सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया। उपायुक्त के निर्देशानुसार प्रत्येक सप्ताह शनिवार अपराहन 3 बजे से रविवार अपराह्न 7 बजे तक सैनिटाइजेशन कार्य हेतु नगर निकाय क्षेत्र के सभी सब्जी बाजार बंद रहेंगे। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी श्री कृष्ण कुमार, जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी श्री जगदीश यादव तथा मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी श्री रंविन्द्र गगराई तथा क्षेत्रवार प्रतिनियुक्त इंसिडेंट कमांडर के नेतृत्व में तीनों नगर निकाय क्षेत्र में सैनिटाइजेशन कार्य किया गया। मानगो में गांधी मैदान, मानगो पुल स्थित सब्जी बाजार, जुगसलाई में ईदगाह मैदान, बालक मध्य विद्यालय-एम ई स्कूल रोड, नया बाजार हाट, स्टेशन रोड काली मंदिर के पास तथा जेएनएसी में साक्ची गोलचक्कर के पास, बाराद्वारी, बारीडीह, सिदगोड़ा, सोनारी तथा अन्य सब्जी बाजारों में सैनिटाइजेशन किया गया। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के दृष्टिगत सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया ताकि आम जनता को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सके।

