राँची/हजारीबाग: हजारीबाग में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के अस्पताल निरीक्षण के दौरान एक पत्रकार द्वारा सवाल पूछे जाने पर उनके समर्थकों द्वारा की गई मारपीट की घटना ने तूल पकड़ लिया है. भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ (BSPS) की झारखंड इकाई झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (JJA) ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है.
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला: चंदन मिश्रा
बीएसपीएस के राष्ट्रीय सचिव चंदन मिश्रा ने इस घटना को बेहद गंभीर बताया है. उन्होंने कहा कि एक पत्रकार जब राज्य के स्वास्थ्य मंत्री से प्रश्न पूछता है, तो मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ही उनके समर्थकों द्वारा पत्रकार की बेरहमी से पिटाई की जाती है. श्री मिश्रा के अनुसार, यह हमला केवल एक पत्रकार पर नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर है.
हमलावर लोकतंत्र के लिए खतरा: संपूर्णा नंद भारती
झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संपूर्णा नंद भारती ने कहा कि पत्रकारों को निशाना बनाने वाले लोग लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा हैं. उन्होंने प्रशासन से हमलावरों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की है.
‘पत्रकार सुरक्षा कानून’ लागू करने की मांग
जेजेए के संस्थापक शाहनवाज हसन ने राज्य में पत्रकारों के साथ बढ़ती बदसलूकी और हमलों की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है.
उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सवाल पूछने पर मंत्री के सामने पीटा जाना और प्रशासन का मूकदर्शक बने रहना शर्मनाक है.
संगठन ने झारखंड और केंद्र सरकार से राष्ट्रीय स्तर पर “पत्रकार सुरक्षा कानून” लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने की बात कही है.
पत्रकार जगत में भारी रोष
इस घटना की निंदा करने वालों में राष्ट्रीय संयुक्त सचिव विष्णु शंकर उपाध्याय, प्रदेश सचिव जावेद इस्लाम, हजारीबाग जिला अध्यक्ष कृष्णा गुप्ता, उपाध्यक्ष अर्जुन सोनी और अजय मिश्रा सहित हजारीबाग प्रेस क्लब के सदस्य शामिल हैं. सभी ने एक सुर में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.



