गम्हरिया: स्वदेशी जागरण मंच की सरायकेला-खरसावां जिला इकाई की ओर से मंगलवार को छोटा गम्हरिया स्थित बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन में चित्रकला, प्रश्नोत्तरी और मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ स्थानीय महिलाओं और बालिकाओं सहित कुल 152 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी और सामान्य ज्ञान को बढ़ावा देना था।कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता जिला संयोजक अजीत कुमार सिंह और जिला पर्यावरण प्रमुख रश्मि भेंगरा ने की।
प्रतियोगिता में आदर्श विकास विद्यालय, वाणी विद्या मंदिर, विद्या भारती, विद्या ज्योति स्कूल, राज्य संपोषित उच्च विद्यालय और नव ज्योति विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कक्षा छह से आठ तक की चित्रकला प्रतियोगिता में 48 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कक्षा नौ और दस की प्रश्नोत्तरी में 32 तथा कक्षा 11 और 12 की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 35 विद्यार्थी शामिल हुए।
वहीं, मेहंदी प्रतियोगिता में स्थानीय बालिकाओं और महिलाओं सहित 37 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS :छठ महापर्व को लेकर नगर निगम अलर्ट, जयप्रकाश उद्यान घाट पर चलाया गया वृहद सफाई अभियान
चित्रकला में देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों की झलक
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को झारखंड के स्वतंत्रता सेनानी, स्वदेशी बनाम विदेशी उत्पाद, शिक्षा का अधिकार, मेरे सपनों का भारत और बिजली बचाओ जैसे विषय दिए गए।
विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए।
मतदान, वंदे मातरम् और स्वदेशी उत्पादों पर पूछे गए सवाल
कक्षा नौ और दस की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में झारखंड के स्थानीय उत्पादों, पर्यटन से रोजगार सृजन, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदान के महत्व, राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् और अंतरराष्ट्रीय खेलों में भारत की भूमिका जैसे विषय शामिल रहे।
कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों की जानकारी झारखंड की अर्थव्यवस्था, बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR), वंदे मातरम् के इतिहास, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग से आत्मनिर्भरता और अंतरराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र में भारत की भूमिका जैसे विषयों पर परखी गई।
विद्यार्थियों को स्वदेशी के महत्व पर अपने विचार लिखने का अवसर भी दिया गया।
गम्हरिया थाना प्रभारी संजय प्रसाद रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में गम्हरिया थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक संजय प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।विशिष्ट अतिथि के रूप में विभाग संयोजक राजकुमार शाह और सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार शामिल हुए। शिक्षाविद् रविकांत भगत ने प्रतियोगिताओं में परीक्षक की भूमिका निभाई।आयोजन को सफल बनाने में अमित सिंह देव, अल्पना कुमारी, पूनम देवी, जितेंद्र सिंह, प्रणव झा, शरदेंदु शेखर, दुलारी झा, अनिमेष कुमार, प्रमोद पांडे, कन्हैया प्रसाद, राजेश झा और राजन साह सहित अन्य सहयोगियों का योगदान रहा।
READ MORE :CHANDIL NEWS: चांडिल में 30वां श्री श्याम जन्मोत्सव 20 नवंबर को, 19 को निकलेगी भव्य निशान यात्रा, पोस्टर का विमोचन
7 नवंबर को ‘एक दिया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में सम्मान
आयोजकों के अनुसार, प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 7 नवंबर 2026 को प्रस्तावित ‘एक दिया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।शेष प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों और स्थानीय महिलाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

