चांडिल (सरायकेला-खरसावां): चांडिल में श्री श्याम प्रभु के 30वें जन्मोत्सव को भव्य रूप से मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्री श्याम कला भवन, चांडिल के तत्वावधान में आयोजित होने वाले दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव को लेकर श्याम मंदिर परिसर में निमंत्रण कार्ड और पोस्टर का विमोचन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्याम भक्त उपस्थित रहे।
कला भवन के अध्यक्ष संजय चौधरी ने बताया कि आगामी 19 और 20 नवंबर को श्री श्याम जन्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के दौरान निशान यात्रा और भव्य भजन संध्या प्रमुख आकर्षण होंगे।
19 नवंबर को निकलेगी बाबा श्याम की निशान यात्रा
संजय चौधरी ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन 19 नवंबर को बाबा श्याम की विशाल निशान यात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में श्याम भक्तों के शामिल होने की उम्मीद है।
निशान यात्रा के माध्यम से भक्त बाबा श्याम के प्रति अपनी श्रद्धा और आस्था प्रकट करेंगे। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
20 नवंबर को भव्य भजन संध्या का आयोजन
महोत्सव के दूसरे दिन 20 नवंबर को श्री श्याम प्रभु का 30वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर भव्य भजन संध्या आयोजित की जाएगी।
आयोजन समिति के अनुसार, भजन संध्या में कई प्रसिद्ध भजन गायकों को आमंत्रित किया गया है, जो बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुति देंगे। हालांकि, आमंत्रित कलाकारों के नामों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।
READ MORE :SARAIKELA-KHARSAWAN NEWS: आधुनिक पावर के संस्थापक दिवस पर रक्तदान शिविर, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने किया 71 यूनिट रक्तदान
नवरात्र में अनुदान कूपन का हुआ था पूजन
आयोजन समिति ने बताया कि महोत्सव की तैयारियों के तहत नवरात्र के दौरान अनुदान कूपन का विधिवत पूजन कर इसकी शुरुआत की गई थी।
पोस्टर और निमंत्रण कार्ड के विमोचन के साथ आयोजन को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। समिति के सदस्य महोत्सव को सफल बनाने की तैयारियों में जुटे हैं।
इस अवसर पर दुर्गा चौधरी, पवन शर्मा, सुभाष शर्मा, सुनील वर्मा, श्रवण जालान, अश्विनी शर्मा, विकास रूंगटा, मोंटी चौधरी, रोहित चौधरी और पप्पू सुल्तानिया सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त उपस्थित थे।

