
पटना।
बिहार के नरकटियागंज और सिकटा के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए रेलवे ने दो महत्वपूर्ण मेमू (MEMU) ट्रेनों के मार्ग का विस्तार किया है। अब 63373/74 दरभंगा-रक्सौल मेमू ट्रेन का विस्तार नरकटियागंज स्टेशन तक और 63313/14 मुजफ्फरपुर-रक्सौल मेमू ट्रेन का विस्तार सिकटा स्टेशन तक कर दिया गया है। इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को एक नई उड़ान मिलेगी और दैनिक यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।
केंद्रीय मंत्री और सांसद ने किया शुभारंभ
18 मई 2026 को नरकटियागंज स्टेशन पर आयोजित एक भव्य समारोह में इन विस्तारित ट्रेन सेवाओं का शुभारंभ किया गया। भारत सरकार के केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे और वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से उद्घाटन स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर सिकटा के विधायक समृद्ध वर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इन जन प्रतिनिधियों के प्रयासों से क्षेत्र के लोगों को यह बड़ी सौगात मिली है।
व्यापारियों, छात्रों और दैनिक यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
इन मेमू ट्रेनों के रूट विस्तार से नरकटियागंज, सिकटा और इसके आसपास के ग्रामीण इलाकों के यात्रियों को दरभंगा और मुजफ्फरपुर जैसे बड़े शहरों के लिए सुगम और सीधा रेल संपर्क मिल गया है। इससे दैनिक यात्रियों, कॉलेज जाने वाले छात्रों, व्यवसायियों और आम नागरिकों के यात्रा समय की भारी बचत होगी। साथ ही, क्षेत्रीय आवागमन सुलभ होने से व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी काफी बढ़ावा मिलेगा।
दरभंगा-रक्सौल-नरकटियागंज मेमू (63373/74) का नया शेड्यूल
18 मई 2026 से गाड़ी संख्या 63373 दरभंगा-रक्सौल-नरकटियागंज मेमू दरभंगा से अपने निर्धारित समय शाम 18.45 बजे खुलकर रात 23.40 बजे रक्सौल पहुंचेगी। यहां से यह ट्रेन रात 23.55 बजे प्रस्थान करेगी और भेलवा, सिकटा, मर्जदवा, गोखुला रुकते हुए देर रात 01.55 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी। वापसी में 19 मई से गाड़ी संख्या 63374 नरकटियागंज से रात 02.35 बजे खुलकर विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए तड़के 03.45 बजे रक्सौल पहुंचेगी और वहां से 04.00 बजे खुलकर सुबह 08.45 बजे दरभंगा पहुंचेगी।
मुजफ्फरपुर-रक्सौल-सिकटा मेमू (63313/14) का नया शेड्यूल
18 मई से गाड़ी संख्या 63313 मुजफ्फरपुर-रक्सौल-सिकटा मेमू मुजफ्फरपुर से शाम 18.40 बजे खुलकर रात 22.45 बजे रक्सौल पहुंचेगी। रक्सौल से यह ट्रेन 23.00 बजे खुलकर भेलवा रुकते हुए रात 23.55 बजे सिकटा पहुंचेगी। वापसी में 19 मई से गाड़ी संख्या 63314 सिकटा से सुबह 04.00 बजे खुलकर भेलवा होते हुए 04.37 बजे रक्सौल पहुंचेगी और यहां से 05.00 बजे प्रस्थान कर सुबह 09.35 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।


