
हाजीपुर |
पूर्व मध्य रेल प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लेते हुए मुजफ्फरपुर जंक्शन से समस्तीपुर जंक्शन तक के रेलखंड को अब सोनपुर मंडल से हटाकर समस्तीपुर मंडल में शामिल करने का निर्णय लिया है। यह आदेश 01 सितंबर 2025 से प्रभाव में आएगा। रेलवे बोर्ड की ओर से इस संबंध में गजट अधिसूचना जारी कर दी गई है।


रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस बदलाव का उद्देश्य मंडलों में परिचालनिक संतुलन बनाना और प्रबंधन को और सुचारु बनाना है। इसके साथ ही अब मुजफ्फरपुर, नारायणपुर अनंत, सिलौत, सिहो, ढ़ोली, दुबहा, विष्णुपुर बथुआ हाल्ट, खुदीराम बोस पूसा और कर्पूरी ग्राम स्टेशन भी समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत आ जाएंगे।
इस बदलाव के बाद मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेलखंड पर मंडलों की नई सीमा मुजफ्फरपुर और रामदयालु नगर स्टेशन के बीच किमी 50.000 पर तय की गई है। वहीं मुजफ्फरपुर-कपरपुरा (किमी 92.800), मुजफ्फरपुर-जुब्बा सहनी (किमी 0.744), समस्तीपुर-कर्पूरी ग्राम (किमी 36.820) जैसी पुरानी मंडलीय सीमाएं अब समाप्त मानी जाएंगी।
रेलवे विभाग के मुताबिक, इससे दोनों मंडलों के कार्यभार का समुचित वितरण हो सकेगा और रेलखंडों के विकास कार्य भी तेजी से पूरे होंगे। यात्रियों को भी इस फैसले से फायदा मिलेगा क्योंकि समस्तीपुर मंडल की पकड़ पहले से इस क्षेत्र में मजबूत रही है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस कदम से यात्रा प्रबंधन, स्टेशन विकास, कर्मचारी समन्वय और तकनीकी निगरानी में सुधार होगा।


