
संयुक्त कृषि निदेशक ने की थोक उर्वरक विक्रेताओं के साथ समीक्षा बैठक
देवघर: संताल परगना प्रमंडल, दुमका के संयुक्त कृषि निदेशक सत्यप्रकाश ने देवघर जिले के थोक उर्वरक विक्रेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में मुख्य रूप से देवघर जिले में उर्वरक की उपलब्धता, खपत, उर्वरकों के संतुलित उपयोग और स्थानीय उर्वरक विक्रेताओं की विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी सीजन में किसानों को खाद की किल्लत से बचाना और बाजार में पारदर्शिता लाना है।

बिना POS मशीन उर्वरक की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध का निर्देश
बैठक के दौरान संयुक्त कृषि निदेशक सत्यप्रकाश ने सख्त लहजे में निर्देश दिया कि कोई भी संस्थान या विक्रेता बिना पीओएस (POS) मशीन के उर्वरक की बिक्री नहीं करेगा। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों और विक्रेताओं को यह सुनिश्चित करने को कहा कि जिले में उर्वरक की कालाबाजारी और ओवर प्राइसिंग (तय कीमत से अधिक दाम वसूलना) पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कृषि उपयोग के उर्वरक का किसी भी प्रकार के औद्योगिक कार्यों में रिसाव या दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
देवघर में शुरू होगा विशेष पायलट प्रोजेक्ट: वीणा कुमारी टुडू
बैठक में मौजूद जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. वीणा कुमारी टुडू ने देवघर जिले में उर्वरक के क्षेत्र में चलाए जाने वाले एक नए और आधुनिक पायलट प्रोजेक्ट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘उर्वरक विक्रय आवेदन प्रणाली’ के तहत अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना में पंजीकृत किसानों को सीधे लाभ मिलेगा। इस प्रणाली के माध्यम से किसानों को उनकी भूमि के आकार और फसल की वास्तविक आवश्यकता के अनुसार यूरिया, डीएपी (DAP) एवं अन्य उर्वरक समय पर और बेहद सुगमतापूर्वक उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
बैठक में ये प्रमुख थोक विक्रेता और अधिकारी रहे मौजूद
इस उच्च स्तरीय बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. वीणा कुमारी टुडू के साथ-साथ जिले के कई बड़े उर्वरक थोक विक्रेताओं के प्रतिनिधि और विभागीय कर्मी उपस्थित थे। बैठक में मुख्य रूप से:
मेसर्स जुपिटर ट्रेडिंग कंपनी, देवघर
मेसर्स पी.के. भोपालपुरिया, मधुपुर
मेसर्स श. गुप्ता ट्रेडर्स, मोहनपुर
मेसर्स सोनू ट्रेडर्स, देवघर
मेसर्स स्वीकृत फॉरवर्डिंग एजेंसी, देवघर
मेसर्स किसान सेवा केंद्र, देवघर
मेसर्स तारा फर्टिलाइजर, देवघर के प्रतिनिधि शामिल हुए।




