पारस सिंह झा
देवघर,। देवघर जिले में बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए 22 से 24 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में झारखंड सरकार और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के पहले ही दिन 80 प्रतिशत से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित करें, ताकि निर्धारित अवधि में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।
उन्होंने कहा कि भारत वर्तमान में पोलियो मुक्त है, लेकिन पड़ोसी देशों में पोलियो के मामले सामने आने के कारण संक्रमण का खतरा बना हुआ है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा के लिए अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: आदित्यपुर की सड़कों पर जलीं LED स्ट्रीट लाइटें, पूर्व सीएम चम्पाई सोरेन की पहल से हजारों लोगों को राहत
सभी विभागों को आपसी समन्वय के निर्देश
उप विकास आयुक्त ने शिक्षा, समाज कल्याण, सूचना एवं जनसंपर्क, पंचायती राज और नगर निगम सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक समय पर आयोजित करने को कहा, ताकि अभियान की तैयारियां समय रहते पूरी की जा सकें।
अभियान के दौरान ‘दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार’ के संदेश के साथ पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। अधिकारियों को अभियान की व्यापक जागरूकता और अधिकतम बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देने को कहा गया।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: आदित्यपुर की सड़कों पर जलीं LED स्ट्रीट लाइटें, पूर्व सीएम चम्पाई सोरेन की पहल से हजारों लोगों को राहत
बैठक में कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और चिकित्सकों की टीम मौजूद रही। इसके अलावा डब्ल्यूएचओ और यूनिसेफ के जिला प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।

