
देवघर, 7 जुलाई
देवघर जिले में उपजाया गया ‘आम्रपाली’ आम अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी मिठास बिखेर रहा है। देवघर से विशेष पैकेजिंग के साथ भेजी गई 01 टन आम्रपाली आम की पहली खेप अब दुबई के सुप्रसिद्ध लुलु रिटेल स्टोर (Lulu Retail Store) के काउंटरों पर बिक्री के लिए उपलब्ध हो गई है। यह पहला अवसर है जब देवघर जिले के स्थानीय किसानों, विशेषकर महिला स्वयं सहायता समूहों और महिला कृषकों द्वारा उत्पादित किसी फल को सीधे वैश्विक बाजार में पहचान मिली है।

अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत विशेष पैकेजिंग
दुबई भेजे गए इस निर्यात के लिए आमों की गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखते हुए विशेष पैकेजिंग की गई थी, ताकि वैश्विक बाजार में इसकी ताजगी और स्वाद बिल्कुल बरकरार रहे। कृषि विशेषज्ञों की देखरेख में तैयार की गई इस खेप की विदेशों में भारी मांग देखी जा रही है।
READ MORE..AAJ KA RASIFAL :07 जुलाई 2026 मंगलवार का पंचांग और राशिफल जानें माँ मातंगी ज्योतिष केंद्र के साथ
मोहनपुर आजीविका महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी की बड़ी सफलता
ज्ञात हो कि देवघर के ‘मोहनपुर आजीविका महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी’ से जुड़ी महिला किसानों एवं एपीईडीए (APEDA) के सहयोग से यह आम दुबई के लिए निर्यात किया गया है। ग्रामीण महिलाओं के इस प्रयास ने साबित कर दिया है कि सही मंच मिलने पर स्थानीय उत्पाद भी वैश्विक स्तर पर तहलका मचा सकते हैं।
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा
“यह कदम न केवल देवघर के किसानों के आर्थिक स्वावलंबन और सशक्तिकरण का प्रतीक है, बल्कि इससे स्थानीय कृषि उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय व्यापार के नए द्वार भी खुल गए हैं। इस सफल शुरुआत के बाद आने वाले दिनों में जिले के अन्य कृषि उत्पादों को भी वैश्विक मंच पर ले जाने की योजना बनाई जा रही है, जिससे क्षेत्र के किसानों की आय में भारी वृद्धि होगी।”
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS : ‘महाराष्ट्र का गौरव’ कॉफी टेबल बुक में शिशिर बजाज की उपलब्धियों को मिला विशेष स्थान, नितिन गडकरी ने किया सम्मानित
देवघर के कृषि क्षेत्र के लिए नए रास्ते खुले
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद अब जिला प्रशासन और कृषि विभाग बेहद उत्साहित हैं। आम्रपाली आम की इस सफल खेप के बाद अब देवघर के अन्य चुनिंदा कृषि उत्पादों जैसे सब्जियों और मोटे अनाजों को भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में भेजने की तैयारी तेज कर दी गई है। इससे आने वाले समय में जिले के हजारों किसान सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।


