नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक भीषण धमाके से दहल उठी। लाल किले के पास खड़ी एक कार में हुए विस्फोट से चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट की तीव्रता इतनी जबरदस्त थी कि इसकी गूंज चार किलोमीटर दूर तक सुनी गई। धमाके की चपेट में आई छह गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए, जबकि 20 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
धमाके के बाद लाल किला, चांदनी चौक और आसपास के इलाकों में भगदड़ मच गई। दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनएसजी की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
11 की मौत, 30 घायल
घायलों को तत्काल लोक नायक जयप्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल प्रशासन ने 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि 30 घायलों में तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
अस्पताल के निदेशक डॉ. बी.एल. चौधरी ने बताया कि “कई घायलों के शरीर पर गंभीर झुलसने के निशान हैं, एक मरीज का बायां चेहरा व आंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त है।”
जांच में जुटीं एजेंसियां
विस्फोट की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) और नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) की टीमें जांच में जुट गई हैं।
मौके से आग की लपटें उठती देख दमकल विभाग ने तुरंत सात फायर टेंडर और छह एंबुलेंस भेजीं। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और मलबे से सबूत जुटाए जा रहे हैं।
चार किलोमीटर तक गूंज, दुकानों में लगी आग
धमाका इतना जबरदस्त था कि लाल किले के करीब स्थित लाल मंदिर तक कार का एक पार्ट जा गिरा। चांदनी चौक के भागीरथ पैलेस इलाके तक कंपन महसूस किए गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आसपास की कई दुकानों और बसों में भी आग लग गई। इलाके को पूरी तरह से घेरकर सुरक्षा बलों ने जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शी का बयान
पहाड़गंज निवासी बलबीर सिंह ने बताया कि वे अपनी वैगन-आर कार में बैठे थे और बाल-बाल बचे। उन्होंने कहा, “मेरा भाई सामान खरीदने चांदनी चौक गया था। मैं लाल किले के सामने इंतजार कर रहा था तभी जोरदार धमाका हुआ। एक व्यक्ति मेरी गाड़ी के ऊपर आकर गिरा और वहीं उसकी मौत हो गई।”
सुरक्षा एजेंसियों की जांच जारी
शुरुआती जांच में यह विस्फोट एक कार में हुआ माना जा रहा है, लेकिन अभी इसकी प्रकृति स्पष्ट नहीं है।
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि “सभी संभावित कोणों से जांच की जा रही है — चाहे वह आतंकी हमला हो, तकनीकी खराबी या कोई अन्य कारण।”
राज्यों में हाई अलर्ट
घटना के बाद पूरे दिल्ली एनसीआर क्षेत्र के साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और महाराष्ट्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की गहन जांच की जा रही है।




