
जमशेदपुर।उपायुक्त रविशंकर शुक्ला द्वारा आज नगर निकाय के कार्यों, आय व्यय एवं पार्किंग व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। उपायुक्त द्वारा कदमा टोल ब्रिज और आदित्य पुर के खरकाई नदी पर स्थित ब्रिज पर लोहे की जाली लगाने संबंधी निर्देश दिए गए तथा आदेश का अनुपालन यथाशीघ्र करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया। वहीं उपायुक्त ने मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी को मानगो जयप्रकाश सेतु के सौंदर्यीकरण कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त द्वारा मानगो से डिमना रोड के बीच फुटपाथ पर अतिक्रममण पर लगे दुकानों को स्थानांतरित करने का भी निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया। मानगो गोलचक्कर पर दैनिक मजदूर रोजगार की तलाश में जमा होते हैं जिससे मानगो गोल चक्कर के पास सुबह में जाम की स्थिति बन जाती है, इस संबंध में उपायुक्त द्वारा मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि दैनिक मजदूर के लिए स्थान चिन्हित कर शेड बनाने का काम सुनिश्चित करें और मानगो गोल चक्कर पर रोजगार की तलाश में जमा होने वाले दैनिक मजदूर वहां स्थानांतरित करें। उपायुक्त द्वारा तीनों नगर निकाय के पदाधिकारियों को अपने अपने क्षेत्र में हाई मास्ट लाइट की वर्तमान स्थिति का भौतिक निरीक्षण कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त में तीनों नगर निकाय के पदाधिकारियों को उनके क्षेत्र अंतर्गत कार्यरत सफाई कर्मियों की दैनिक उपस्थिति का नियमित रूप से निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने नगर निकाय की समीक्षा के दौरान पदाधिकारियों को नियमानुसार नक्शा पारित का निर्देश दिया एवं नक्शा विचलन पर निर्माण कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नियम सबके लिए समान है अतः नक्शा पास करते समय नियम का पालन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि नक्शा पास करने से संबंधित आवेदन को बेवजह लंबित ना रखें। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति अंतर्गत प्रतिदिन पार्किंग के संबंध में आ रही शिकायतों के मद्देनजर उपायुक्त द्वारा विशेष पदाधिकारी जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को निर्देश दिया गया कि सभी मार्किंग संवेदकों से राजस्व की वसूली करना 14 मार्च तक सुनिश्चित करें, जिस संवेदक द्वारा 14 मार्च तक राजस्व जमा नहीं किया जाता है उनके द्वारा जमा किया गया बैंक गारंटी को जप्त करने संबंधी कार्रवाई करना सुनिश्चित करें एवं उन्हें नोटिस जारी करें कि वह पार्किंग की वसूली ना करें । उपायुक्त में होली एवं रामनवमी के मद्देनजर नगर निकाय पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र अंतर्गत साफ सफाई पर विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में अपर उपायुक्त, अपर जिला दंडाधिकारी(विधि व्यवस्था), मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी, जुगसलाई नगरपालिका के कार्यपालक पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, कार्यपालक अभियंता विद्युत विभाग सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।



