वार्ड स्तर तक विकेन्द्रित हुआ कार्यक्रम ’’कॉफी विद कलेक्टर’’
जमशेदपुर।
उपायुक्त अमित कुमार ने अपने ’’कॉफी विद कलेक्टर’’ कार्यक्रम में पटमदा प्रखण्ड की बांगुड़दा पंचायत के मुखिया, उप मुखिया, पंचायत समिति सदस्य व वार्ड सदस्यों के साथ आमने-सामने बैठकर द्विमार्गीय-वार्त्ता बैठक की। उपायुक्त ने उक्त पंचायत के सभी प्रतिनिधियों से पंचायत में चल रहे विकास कार्यों, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं आदि की वर्त्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी से अपील की कि पंचायत के विकास के लिए बिना किसी मतभेद एकजुटता के साथ काम करें तथा विकास कार्यों में आ रही किसी भी प्रकार की दिक्कत को जिला प्रशासन को अवगत कराएं। उपायुक्त का सकारात्मक रुख देखकर सभी प्रतिनिधियों ने खुले मन से बारी-बारी से अपने बिचार, सुझाव व परेशानियों को उनके समक्ष रखा। प्रतिनिधियों द्वारा डीसी के समक्ष उठाए गए ज्यादातर मामले पेयजल, खाद्य आपूर्ति, स्वास्थ्य, बिजली कनेक्शन, इंदिरा आवास, मनरेगा भुगतान आदि से सम्बंधित थे। बताया गया कि बांगुड़दा में अब तक 136 इंदिरा आवास पूर्ण हो चुके हैं, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के 238 प्रस्ताव आये हैं। उपायुक्त ने मुखिया, पंचायत सेवक सहित सभी वार्ड सदस्यां से कहा कि आवास योजना से जो लोग वंचित रह गए हैं उनकी भी एक सूची जिला को उपलब्ध कराएं। प्रतिनिधियों के तरफ से प्रतिवेदित किया गया कि प्लस-टू हाईस्कूल बांगुड़दा में सिर्फ एक ही शिक्षक हैं। इसपर उपायुक्त ने उन सबको आश्वस्त किया कि शिक्षकां की शीघ्र ही कमी पूरी की जाएगी। साथ 6 स्कूलों में बिजली तथा 5 में पेयजल अनुपलब्धता की सूचना पर भी डीसी ने गंभीरता से कदम उठाने को कहा। उपायुक्त ने पंचायत सेवक व पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि पंचायत में एक भी विधवा महिला ऐसी न रहे जिसको पेंशन योजना का लाभ न मिल रहा हो। एक वार्ड सदस्य की मांग पर जल्द ही उन्होंने उक्त पंचायत में विकलांगता शिविर आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने वार्ड सदस्यों द्वारा राशन कार्ड सम्बंधी शिकायतों पर कहा कि जिन अपात्र लाभुकों का राशन कार्ड गलती से बन गया है उनको वापस करवाने में तथा छूटे हुए लोगों की सूची तैयार करने में पंचायत प्रतिनिधि महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। सभी पंचायत प्रतिनिधि उपायुक्त से आमने-सामने एक घंटे तक वार्त्तालाप कर काफी खुश नजर आए। उल्लेखनीय है कि बांगुड़दा पंचायत को आदर्श पंचायत के रूप में स्थानीय सांसद द्वारा चुना गया है।े इस अवसर पर डीडीसी श्री विनोद कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री बिपिन कुमार, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी संजय कुमार, पीएमआरडीएफ सुश्री नीतिशा बेसरा, आरसी फ्रांसिस, बांगुड़दा पंचायत की मुखिया कल्याणी सिंह, पंचायत समिति सदस्य तारारानी माझी व रूपन चन्द्र कुम्भकार, उप मुखिया लालमोहन महतो, पंचायत सेवक पंचम कुमार, वार्ड सदस्य सुमित्रा सिंह, मनी सिंह, शक्तिपद, राजकुमार, सोनारानी सिंह आदि उपस्थित थे।
