
जो घरों में या स्टेट क्वॉरेंटाइन सेंटर में क्वॉरेंटाइन्ड हैं, वे 14 दिनों के लिए अपने आपको क्वॉरेंटाइन बनाए रखें, भागने की कोशिश ना करें


सोशल मीडिया पर पुलिस टीम की कड़ी नजर है
संतोष वर्मा
चाईबासा। पाताहातू में स्थित क्वॉरेंटाइन केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिले के आरक्षी अधीक्षक इंद्रजीत महाथा ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिला वासियों से मेरी अपील है कि जैसा कि आप लोगों को ज्ञात होगा कि झारखंड राज्य अंतर्गत रांची में कोरोना वायरस के संक्रमण का एक केस पॉजिटिव पाया गया है। इसके पश्चात यह अति आवश्यक हो गया है कि आप सभी को लॉक डाउन का पूरी तरह से समर्थन करना होगा और सहयोग करना होगा, अन्यथा अब पुलिस को आईपीसी की धारा के तहत कड़ी कार्रवाई करनी होगी। सभी क्वॉरेंटाइन्ड (Quarantined) व्यक्तियों को क्वॉरेंटाइन (Quarantine) के नियमों का पूरा पालन करना होगा, 14 दिनों तक अपने आपको अपने घरों में बनाए रखें, या स्टेट क्वॉरेंटाइन सेंटरों (Quarantine Centres) में जहां उनको रखा गया है वहां पर बने रहें। किसी भी हालत में भागने की कोशिश ना करें। अन्यथा उनके ऊपर नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत् कार्रवाई की जाएगी।
COVID-19 के संबंध में अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है
आरक्षी अधीक्षक इंद्रजीत माहथा ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के ऊपर भी हमारी पूरी पुलिस टीम की कड़ी नजर है। उन सभी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी जो व्हाट्सएप, सोशल मीडिया, फेसबुक या अन्य किसी भी माध्यम से समाज में या अपने आसपास अफवाहों को फैलाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर किसी प्रकार की कोई सूचना आपको मिलती है तो आप पुलिस से संपर्क करें। 100 पर संपर्क करें, हमारे व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क करें। पूरी जांच पड़ताल करके आपको सही जानकारी से अवगत कराया जाएगा। सुनी सुनाई बातों को बिना सत्यता जानें सोशल मीडिया में फैलाने की कोई जरूरत नहीं है।

