लुपुंगडीह स्थित संस्थान में डॉ. जटाशंकर पांडे ने कहा- मालवीय जी का त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
चांडिल। नारायण प्राइवेट आईटीआई, लुपुंगडीह में महान स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद और काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के संस्थापक महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारियों और उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: छठ घाटों का डीसी और एसएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
शिक्षा और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा मालवीय जी का जीवन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के संस्थापक डॉ. जटाशंकर पांडे ने कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय भारतीय इतिहास के महान व्यक्तित्व थे। उनका पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, शिक्षा, समाज सुधार और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित रहा। वर्ष 1916 में काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना कर उन्होंने देश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
डॉ. पांडे ने कहा कि मालवीय जी ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका निभाई। वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के चार बार अध्यक्ष रहे। उन्होंने पत्रकारिता के माध्यम से भी राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का प्रयास किया और ‘हिंदुस्तान’ तथा ‘अभ्युदय’ जैसे समाचार पत्रों से जुड़े रहे।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: छठ महापर्व को लेकर झामुमो ने डीसी को सौंपा 11 सूत्री मांगपत्र, घाटों पर सुरक्षा और व्यवस्था की मांग
युवाओं के लिए आज भी प्रेरणास्रोत हैं महामना
डॉ. पांडे ने कहा कि महामना मालवीय जी शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम मानते थे। उनका आदर्श जीवन, त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति आज भी युवाओं को प्रेरित करती है। उनके विचारों को आत्मसात कर शिक्षित, संस्कारित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने महामना के बताए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य जयदीप पांडे, शांति राम महतो, प्रकाश महतो, भगत लाल तेली, देवाशीष मंडल, शशि प्रकाश महतो, पवन महतो, अजय मंडल, निकिता गोराई, लक्ष्मी महतो, गौरव महतो और निमाई मंडल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

