खाटू धाम से पहली बार लाया गया पावन निशान होगा शोभायात्रा का आकर्षण, हरियाणा और कानपुर के भजन कलाकार करेंगे भजनों की अमृत वर्षा; दिल्ली की नृत्य-नाटिका टीम देगी विशेष प्रस्तुति
जमशेदपुर/चांडिल: चांडिल स्थित श्री श्याम मंदिर में 30वें श्री श्याम जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। देवोत्थान एकादशी के पावन अवसर पर 20 नवंबर को चौधरी बागान में बाबा श्याम का जन्मोत्सव धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में मनाया जाएगा। इससे एक दिन पूर्व गुरुवार, 19 नवंबर को खाटू धाम से पहली बार लाए गए पावन निशान के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
इस वर्ष खाटू श्यामजी से लाया गया पावन निशान महोत्सव का विशेष आकर्षण होगा। इसे लेकर श्याम भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
READ MORE:JAMSHEDPUR NEWS: मानगो श्याम भवन में 20 नवंबर को मनेगा बाबा श्याम का 27वां जन्मोत्सव, कोलकाता के कारीगर सजाएंगे भव्य दरबार
हरियाणा और कानपुर के कलाकार करेंगे भजनों की अमृत वर्षा
कार्यक्रम प्रभारी कुसुम खेतान एवं अध्यक्ष संजय चौधरी ने बताया कि 20 नवंबर, शुक्रवार को आयोजित भजन संध्या में देश के विभिन्न राज्यों से प्रसिद्ध भजन कलाकार पहुंचेंगे।
इसमें हरियाणा के फतेहाबाद से प्रसिद्ध भजन गायिका मोना मेहता, उत्तर प्रदेश के कानपुर से अभिषेक शुक्ला और भजन गायिका खुशी शर्मा सहित अन्य कलाकार बाबा श्याम के चरणों में भजनों की प्रस्तुति देंगे।
दिल्ली की नृत्य-नाटिका टीम देगी विशेष प्रस्तुति
जन्मोत्सव में दिल्ली से आने वाली नृत्य-नाटिका टीम की विशेष प्रस्तुति भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजकों के अनुसार, धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पूरे आयोजन को भक्तिमय बनाने की तैयारी की गई है।
READ MORE :BIHAR-JHARKHAND-UP NEWS: छठ के बाद घर लौटने वालों के लिए रेलवे की बड़ी राहत, दिल्ली-मुंबई-पुणे के लिए स्पेशल ट्रेनें,देखें पूरी लिस्ट
स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा
आयोजन समिति ने महोत्सव की पवित्रता और भव्यता को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई अभियान भी शुरू किया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन की बेहतर व्यवस्था के लिए समिति के सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।
आयोजन की सफलता में जुटे हैं पदाधिकारी
30वें श्री श्याम जन्मोत्सव को सफल बनाने में संयोजक संजय शर्मा, सह संयोजक दुर्गा चौधरी, राजीव गुप्ता, अरुण बागड़िया, हरीश सुल्तानिया और मोंटी चौधरी सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।


