
● भाजपा चाकुलिया प्रखंड कमिटी ने अंचल अधिकारी को सौंपा ज्ञापन


जमशेदपुर।
अबकारी विभाग की छापेमारी से डरकर भागने के क्रम में चाकुलिया-माटिहाना मुख्य सड़क पर अवैध शराब कारोबारी की कार के धक्के से मौके पर ही तीन लोगों की मृत्यु हो गई थी। शराब कारोबारी चाकुलिया नया बाज़ार निवासी नागेश्वर सिंह बताया गया है। इस मामले में मृतकों म परिजनों को उचित मुआवज़ा, अवैध शराब कारोबारी पर कठोरतम कार्रवाई की माँग को लेकर पूर्व विधायक कुणाल षड़ंगी ने जिला प्रशासन से मुलाक़ात कर वार्ता किया। पूर्व विधायक सह भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षड़ंगी ने जिला उपायुक्त सूरज कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक तमिल वाणन से मिलकर मृतक और घायलों के परिजनों के लिए मुआवजे और अवैध शराब कारोबारी की संपत्ति कुर्क करते हुए सख़्त क़ानूनी कार्रवाई का आग्रह किया। श्री षड़ंगी ने कहा कि अवैध शराब कारोबार कर के नशे की लत में समाज को झोंकने की स्वतंत्रता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं कि जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जाँच और अविलंब कार्रवाई का आग्रह किया। बातचीत के क्रम में उपायुक्त सूरज कुमार और एसएसपी तमिल वाणन ने दोषियों पर सख़्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कहा कि अवैध नशा कारोबारियों के विरुद्ध सघन अभियान संचालित होगी। वहीं इस मामले में संलिप्त दोषियों के विरुद्ध गंभीर संज्ञेय अपराधों के तहत कांड दर्ज़ किये जायेंगे। वरीय पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि मामले को लेकर प्रशासन गंभीर है। अभियुक्त के विरुद्ध आईपीसी की धारा 304 के तहत गैर इरादतन हत्या के मामले में कांड दर्ज़ करते हुए कार्रवाई होगी। विदित हो कि अबकारी विभाग की छापेमारी से डरकर तेज़ रफ़्तार कार से भाग रहे चालक ने कई लोगों को रौंद दिया था। इस घटना में दो महिला समेत तीन की मौके पर ही मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए हैं। दूसरी ओर इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी में जबरदस्त आक्रोश है। भाजपा चाकुलिया प्रखंड कमिटी के नेताओं ने मंगलवार को चाकुलिया अंचल अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन के माध्यम से मृतकों के आश्रितों को दस लाख रुपये के आर्थिक मुआवजा की माँग रखी है। वहीं अवैध शराब के गोरखधंधे को संरक्षण देने वाले अधिकारियों पर भी कड़ी कार्रवाई की माँग उठाई गई है।

