
चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय के 7वें दीक्षांत समारोह-2026 की तैयारियों को लेकर बुधवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने की।
बैठक में कुलपति ने दीक्षांत समारोह से जुड़ी विभिन्न समितियों के संयोजकों एवं सह-संयोजकों से अब तक की तैयारियों और कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी समितियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :MTV Hustle 5 में चमका जमशेदपुर का लाल: दुखों के पहाड़ को पार कर टीवी और ओटीटी पर राज बाबू ने लहराया परचम
विद्यार्थियों के पंजीकरण की हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक के बाद विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले महाविद्यालयों के प्राचार्यों और सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें दीक्षांत समारोह में डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
कुलपति ने सभी पात्र विद्यार्थियों का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि समारोह के दौरान किसी भी पात्र विद्यार्थी को परेशानी का सामना न करना पड़े।
महाविद्यालयों की समस्याओं पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान विश्वविद्यालय से जुड़े महाविद्यालयों के विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इनमें महाविद्यालय भवनों की मरम्मत, प्रायोगिक परीक्षाओं से संबंधित बाह्य परीक्षकों के लंबित बिलों का भुगतान, इंटरनेट और विद्युत संबंधी समस्याएं समेत अन्य विषय शामिल रहे।
कुलपति ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।
READ MORE :Jamshedpur News :धालभूमगढ़ एयरपोर्ट और हाथी-मानव संघर्ष के मुद्दों पर सांसद विद्युत बरण महतो ने केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव से की मुलाकात
समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने पर जोर
बैठक में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों से संबंधित कार्यों को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही 7वें दीक्षांत समारोह-2026 को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए सभी समितियों, अधिकारियों, प्राचार्यों और विभागाध्यक्षों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया गया।

