
होली के समय सभी पदाधिकारी फोन कॉल्स का त्वरित उत्तर दें -पुलिस अधीक्ष


चाईबासा । जिला समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला दंडाधिकारी -सह- उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा की अध्यक्षता में होली के अवसर पर विधि व्यवस्था के संबंध में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रमुख रुप से उप विकास आयुक्त, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर चाईबासा/ पोड़ाहाट चक्रधरपुर/ जगन्नाथपुर, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय चाईबासा सहित सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा, सभी कार्यपालक दंडाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
सीसीटीवी लगाने की आवश्यकता है तो शीघ्र उसकी सूचना दें
उपायुक्त ने बैठक में निर्देश दिया कि पिछले दो-तीन साल में जिन स्थानों में होली के समय तनाव पूर्ण माहौल बना था उन्हें आईडेंटिफाई करें तथा उस पर विशेष निगरानी रखें। जहां युवाओं का जमावड़ा लगता है तथा सरकारी स्थलों पर विशेष रूप से निगरानी रखें कि किसी भी प्रकार से कलर के कारण सरकारी परिसर गंदा ना हो या किसी प्रकार का उसमें लिखावट ना किया जाए। सभी अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि उनके क्षेत्र अंतर्गत अगर कहीं पर भी सीसीटीवी लगाने की आवश्यकता है तो शीघ्र उसकी सूचना दें।
कोरोना वायरस से बचाव हेतु सावधानी जरूरी
उपायुक्त ने कहा कि कोरोना वायरस जो अभी की परिस्थिति में एक विकट समस्या बनकर उभरी है इस वायरस से बचने हेतु सावधानीपूर्वक होली मनाएं तथा भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें और जिन लोगों को जान रहे हैं बस उनके साथ ही त्यौहार मनाए ताकि किसी प्रकार का संक्रमण ना फैले।
निर्धारित स्थान पर करें पार्किंग
बैठक में उपायुक्त ने जानकारी दी कि 9,10 तथा 11 तारीख के शाम तक पुलिस बल को नियुक्त किया गया है। किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम भी पूर्ण रूप से सक्षम है। उपायुक्त ने आम जनमानस से आग्रह किया कि प्रशासन की मदद करें, वाहन इधर- उधर पार्क ना करें तथा नाबालिक बच्चों को किसी भी हालत में वाहन चलाने ना दें।
नकली एवं अवैध शराब पर नकेल हेतु टीम का गठन
पुलिस अधीक्षक के द्वारा बैठक में बताया गया कि नकली शराब तथा अवैध शराब हेतु उत्पाद विभाग, पुलिस विभाग तथा थाना स्तर पर टीम का गठन किया गया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि पूर्व में मिली अधिसूचना के आधार पर कार्रवाई करेंगे। पेट्रोलिंग और स्टैटिक ड्यूटी दोनों मिलाकर 86 जगहों पर प्रतिनियुक्ति की गई है। कंट्रोल रूम अनुमंडल तथा जिला स्तर पर भी बनाये गये हैं। किसी भी आसूचना पर पदाधिकारी सत्यापन करते हुए शीघ्र कार्रवाई करेंगे।
सोशल मीडिया पर बनाए रखें जिम्मेदारी पूर्ण रवैया
पुलिस अधीक्षक के द्वारा आग्रह किया गया कि सोशल मीडिया में किसी भी प्रकार से कोई भी अफवाह ना फैलाएं। अगर ऐसे करते हुए किसी संदिग्ध को पकड़ा जाएगा तो उस पर उचित कार्रवाई करते हुए IPC धारा 153 A, और 295 A के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की नजर पूर्ण रूप से सोशल मीडिया पर है कि किसी भी प्रकार की कोई भी अफवाह या सामुदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश ना की जाए। उन्होंने कहा कि नाबालिक बच्चों के द्वारा अगर वाहन चलाते हुए पकड़ा गया तो उनके अभिभावक पर IPC की धारा के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी। आम लोगों से अपील की कि किसी भी नाबालिग बच्चे को होली के दौरान वाहन का प्रयोग करने बिल्कुल भी ना दे।

