
*विजय सिंह
अरे ,चौकिंए मत. जी हाँ,आजकल चायवाले का नाम आते ही लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ इशारा समझने लगते हैं लेकिन यहाँ मामला सच में एक चायवाले से जुड़ा हुआ है. मुम्बई के जोगेश्वरी पूर्व ,आज़ाद मैदान स्थित मुम्बई क्षेत्रीय कांग्रेस कमिटी के दफ्तर के ठीक पीछे इन्दर जोशी नामक व्यक्ति की पैतृक चाय की दुकान है. इन्दर की दुकान से ही मुम्बई कांग्रेस मुख्यालय में चाय आती है लेकिन लंबे समय से कांग्रेस ने उसे चाय के पैसे नहीं दिए हैं जिसकी वजह से इन्दर चायवाले ने दफ्तर में चाय भेजना बंद कर दिया है.हालाँकि इन्दर का कहना है कि पार्टी से उसे पैसे मिल जायेंगे ,इसमें कोई संदेह नहीं है.
मुम्बई कांग्रेस मुख्यालय सूत्रों के मुताबिक चायवाले के चार लाख रूपये बाकी हो गए थे जिसमे से उसे २ लाख रुपये दे दिए गए हैं ,शेष २ लाख भी जल्दी ही भुगतान कर दिए जायेंगे. सूत्रों के मुताबिक मुम्बई कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष पूर्व सांसद संजय निरुपम के संज्ञान में भी यह मामला आया है और जल्दी ही चाय वाले को बकाया राशि दे दी जाएगी. हमने संजय निरुपम से इस सन्दर्भ में बात करने की कोशिश की परंतु संपर्क नहीं हो पाया.


