
हाजीपुर: पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल के अंतर्गत गाड़ी संख्या 14618 जनसेवा एक्सप्रेस में सांप दिखाकर यात्रियों से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। रेल सुरक्षा बल (RPF) ने कार्रवाई करते हुए ट्रेन के साधारण कोच से छह सपेरों को पकड़कर दिघवारा स्टेशन पर उतारा। मामला 2 अक्टूबर 2026 का बताया गया है।
रेलवे के अनुसार, इस संबंध में रेल मदद के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए रेसुब सोनपुर आउट पोस्ट दिघवारा के उप निरीक्षक शमशेर कुमार और सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार ट्रेन की निगरानी कर रहे थे।
छपरा के बाद साधारण कोच में की गई जांच
गाड़ी के छपरा स्टेशन से रवाना होने के बाद आरपीएफ टीम ने साधारण कोचों की जांच शुरू की। इसी दौरान छह व्यक्तियों को यात्रियों के सामने सांप दिखाकर उनसे पैसे मांगते हुए पाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल ने कार्रवाई की। ट्रेन के सोनपुर मंडल में अगले ठहराव दिघवारा स्टेशन पर सभी छह व्यक्तियों को उनके कृत्य के संबंध में जानकारी देते हुए ड्यूटी पर तैनात बल सदस्यों की सहायता से ट्रेन से उतार दिया गया।
पहचान और पते का सत्यापन जारी
रेलवे के मुताबिक पूछताछ के दौरान पकड़े गए व्यक्तियों ने अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बताया। उन्होंने अलग-अलग स्थानों, जिनमें लखनऊ और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं, का निवासी होने की जानकारी दी।
आरपीएफ द्वारा उनके नाम और पते का सत्यापन किया जा रहा है।
वन विभाग से किया गया समन्वय
मामले में रेलवे की ओर से वन विभाग से भी समन्वय स्थापित किया गया है। संबंधित प्रावधानों के तहत आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में सांप दिखाकर पैसे मांगने जैसी गतिविधियों को सामान्य न समझें। ऐसी स्थिति सामने आने पर तत्काल रेलवे को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
READ MORE :HAZIPUR NEWS: मोकामा में नया डबल लाइन रेल पुल परिचालन के लिए तैयार, उत्तर-दक्षिण बिहार की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
यात्रियों से रेलवे की अपील
भारतीय रेल ने यात्रियों से जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा है कि ट्रेन में सांप दिखाकर पैसे मांगना गैरकानूनी है। यात्रियों से ऐसी किसी भी घटना की जानकारी रेल मदद अथवा संबंधित रेलवे सुरक्षा कर्मियों को जल्द से जल्द देने का आग्रह किया गया है।
रेलवे का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई लगातार की जा रही है।

