
जमशेदपुर: टाटा-अमृतसर के बीच चलने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103/18104) के कोहरे के कारण प्रस्तावित परिचालन बंद किए जाने के निर्णय के विरोध में रेल यात्रियों की आवाज उठाई गई है। सोमवार को सतबीर सिंह सूमो ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक मनीष कुमार जैन से मुलाकात कर जमशेदपुर और पूरे कोल्हान के यात्रियों की चिंताओं को सामने रखा।
इस दौरान रेल मंत्री, भारत सरकार के नाम ज्ञापन सौंपते हुए ट्रेन के परिचालन पर रोक लगाने के निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि कोहरे के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधुनिक तकनीक, नियंत्रित गति और आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ ट्रेन का परिचालन जारी रखा जा सकता है।
‘महत्वपूर्ण जनसेवा है जलियांवाला बाग एक्सप्रेस’
सतबीर सिंह सूमो ने कहा कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस केवल एक रेल सेवा नहीं, बल्कि झारखंड समेत देश के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। यह ट्रेन लखनऊ, अयोध्या, बरेली, ऋषिकेश और अमृतसर जैसे महत्वपूर्ण शहरों और धार्मिक-ऐतिहासिक स्थलों को जोड़ती है।
उन्होंने कहा कि श्री हरमंदिर साहिब, जलियांवाला बाग, अयोध्या और ऋषिकेश जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह ट्रेन विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। इसके अलावा हजारों यात्री सामाजिक, पारिवारिक और व्यावसायिक जरूरतों के लिए भी इस रेल सेवा पर निर्भर हैं।
कोहरे में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल की मांग
सतबीर सिंह सूमो ने कहा कि भारतीय रेलवे आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। कोहरे के दौरान सुरक्षित परिचालन के लिए फॉग-सेफ डिवाइस, आधुनिक सिग्नलिंग और संचार व्यवस्था जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने मांग की कि आवश्यकता पड़ने पर ट्रेन की गति नियंत्रित की जाए और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाएं, लेकिन पूरी ट्रेन को लंबे समय तक बंद करने के बजाय यात्रियों की सुरक्षा और सेवा की निरंतरता के बीच संतुलन बनाया जाए।
उन्होंने रेल प्रशासन से आग्रह किया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन जारी रखने का समाधान निकाला जाए।
READ MORE :SOUTH EASTERN RAILWAY:टाटानगर से गुजरने वाली कई ट्रेनें रहेंगी रद्द, चक्रधरपुर मंडल में 24 नवंबर से मेगा ब्लॉक, साउथ बिहार एक्सप्रेस का मार्ग बदला
कोल्हान के यात्रियों की मांग उचित स्तर पर उठाने का दावा
सतबीर सिंह सूमो ने कहा कि जमशेदपुर और पूरे कोल्हान के रेल यात्रियों की इस मांग को उचित स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों के हित में हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान चंचल भाटिया, जसवंत सिंह, कर्मजीत सिंह कमें, कुलवंत सिंह, कुलवंत सिंह कांटे, हैप्पी सिंह, सतनाम सिंह खुशीपुर, हरदीप सिंह सहित भाजपा से जुड़े सिख समाज के नेता और सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने ट्रेन का परिचालन बंद नहीं करने और यात्रियों के हित में इसे नियमित रूप से चलाने की मांग का समर्थन किया।
प्रमुख मांगें
- 18103/18104 जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को कोहरे के कारण बंद करने का निर्णय वापस लिया जाए।
- ट्रेन का नियमित परिचालन जारी रखा जाए।
- कोहरे के दौरान आधुनिक सुरक्षा तकनीक और नियंत्रित गति का इस्तेमाल किया जाए।
- यात्रियों की धार्मिक, सामाजिक, पारिवारिक और व्यावसायिक जरूरतों को ध्यान में रखा जाए।
- यात्री सुरक्षा के साथ रेल सेवा की निरंतरता सुनिश्चित की जाए।
प्रतिनिधियों ने कहा कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस जमशेदपुर और अमृतसर के बीच महत्वपूर्ण रेल संपर्क उपलब्ध कराती है। इसलिए उनका आग्रह है कि ट्रेन को बंद करने के बजाय सुरक्षा मानकों के अनुरूप इसके परिचालन को जारी रखने पर रेलवे विचार करे।

